Mahakal Temple : नवश्रृंगारित होगा महाकाल मंदिर का नंदी मंडपम, सफेद मार्बल से दमकेगा
Mahakal Temple : चार करोड़ की योजना। नंदी मंडपम में डेढ़ दशक पहले लगा पुराना मार्बल बदलेगी महाकाल मंदिर समिति।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Thu, 27 Apr 2023 10:05:13 PM (IST)
Updated Date: Thu, 27 Apr 2023 10:05:13 PM (IST)

Mahakal Temple : उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर के नंदी मंडपम को नवश्रृंगारित करने की योजना तैयार हो गई है। उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा चांदी व सफेद मार्बल से नंदी हाल को सजाया जाएगा। चार करोड़ की लागत से रिनोवेशन का काम होगा। अधिकारियों के अनुसार प्रथम चरण में सिविल वर्क होगा। इसके बाद चांदी का काम किया जाएगा।
मंदिर प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया नंदी मंडप के फ्लोर व दीवारों पर मार्बल लगा हुआ है। यह काफी पुराना हो चुका है, इसकी चमक भी फीकी पड़ गई है। नवश्रृंगार के साथ इसका पुराना स्वरूप लौटाने के लिए चार करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है।
इसके तहत फ्लोरिंग व दीवारों पर नया मार्बल लगाया जाएगा। इलेक्ट्रिक वर्क होगा, कूलिंग सिस्टम का संधारण किया जाएगा। गर्भगृह के गलियारे का रिनोवेशन भी किया जाएगा। नगाड़ा गेट के रैंप का भी संधारण होगा। मंदिर का यह हिस्सा नव्य, दिव्य व भव्य रूप में सजाया जाएगा।
पुजारी, पुरोहितों की सहमति से होगा चांदी का काम
प्रशासक ने बताया नवश्रृंगारित नंदी हाल में चांदी का उपयोग भी किया जाएगा। इसकी राशि वर्तमान टेंडर में शामिल नहीं है। क्योंकि इसके लिए मंदिर के पास बहुत से दानदाता मौजूद है। प्रथम दृष्टा चांदी का उपयोग स्तंभों के बीच किया जाएगा। सामने की दीवारों पर मांगलिक चिन्ह तथा शिव से जुड़े प्रसंगों का चित्रण होगा। यह समस्त काम मंदिर के पुजारी, पुरोहितों की सहमति से किया जाएगा। इसके लिए समिति बनाई जाएगी। सदस्य ड्राइंग डिजाइन तैयार कर सौंपेंगे। इसके बाद यह काम अलग से किया जाएगा।
चांदी से बनेगा नंदीजी का सिंहासन
बताया जाता है नंदी मंडपम में जिस स्थान पर भगवान नंदीजी विराजित हैं, उसे चांदी के सिंहासन का रूप दिया जाएगा। योजना मार्बल लगाने की थी, लेकिन मंदिर से जुड़े लोगों का सुझाव है कि मार्बल लगाने से आसपास का स्थान कम होगा। चांदी के आवरण से भव्यता रहेगी तथा जगह भी कम नहीं होगी।
60 केवीए सब स्टेशन शुरू
महाकाल मंदिर परिसर में उज्जैन स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा 60 केवीए का सब स्टेशन स्थापित किया गया है। इससे विद्यतु सप्लाई सुदृढ़ होकर मंदिर को सतत आपूर्ति होगी। सहायक प्रशासनिक अधिकारी आरके तिवारी ने बताया महापौर मुकेश टटवाल व नगर निगम आयुक्त रोशनसिंह ने बुधवार को विद्युत कक्ष में पैनल का विधिवत पूजन अर्चन कर सब स्टेशन का शुभारंभ किया। महाकाल महालोक बनने के बाद मंदिर परिक्षेत्र व्यापक हो गया है। इससे विद्युत की खपत बढ़ गई है। इसे देखते हुए सतत विद्युत प्रदाय के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।