
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। महाकाल मंदिर में होली पर हुए हादसे के बाद मंदिर प्रशासन कई कदम उठाने जा रहा है। समिति इस घटना के बाद व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन का प्लान तैयार कर रही है। नई व्यवस्था को जल्द लागू किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार समिति भस्म आरती व वीआइपी दर्शन में कोटा सिस्टम भी समाप्त करेगी।
होली पर गर्भगृह में हुए अग्निकांड में की जा रही पड़ताल में जो प्रारंभिक खामियां सामने आई है, उसमें मंदिर समिति द्वारा तय किए गए निर्धारित नियमों का पालन नहीं करना, गर्भगृह में निर्धारित संख्या से अधिक लोगों की मौजूदगी तथा नंदी हाल में अत्यधिक रंगों का उपयोग करना सामने आया है।
अब इस बात की पड़ताल की जा रही है कि आग केमिकल युक्त रंग, गुलाल से लगी या अन्य कोई कारण है। यह गुलाल बाहर से भीतर फेंका गया अथवा गर्भगृह में खड़े पुजारियों में से ही किसी ने हानिकारक गुलाल का उपयोग किया है। हालांकि इस सब पर गहन पड़ताल चल रही है।
रंगपंचमी के लिए गाइडलाइन जारी
मंदिर समिति ने मंदिर में रंग, गुलाल उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। केवल पुजारी, पुरोहित भगवान महाकाल को प्रतीकात्मक रूप से टेसू के फूलों से बना प्राकृतिक रंग अर्पित करेंगे। महाकालेश्वर मंदिर समिति ने इसके लिए गाइड लाइन जारी कर दी है। मंदिर प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया होली पर महाकाल मंदिर के गर्भगृह में आग लगने की घटना के बाद कलेक्टर नीरज सिंह ने सुप्रीम कोर्ट से जारी गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराने तथा उसी के अनुसार पर्व मनाने के निर्देश दिए हैं। मंदिर समिति पुजारी पुरोहितों को टेसू के फूलों से बना प्राकृतिक रंग उपलब्ध कराएगी। रंगपंचमी पर भस्म आरती दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु अपने साथ रंग, गुलाल लेकर मंदिर नहीं आ सकेंगे।
यह होना चाहिए
...मगर हो यह रहा
इनका प्रयास सराहनीय
24 मार्च को तड़के 4 बजे भस्म आरती में सैकड़ों क्विंटल फूल व गुलाल का उपयोग हुआ। संध्या आरती में कई क्विंटल गुलाल गर्भगृह व नंदी हाल में उड़ाया गया। शयन आरती में समिति सदस्य पं.राम पुजारी व परिवार द्वारा भगवान को केवल 31 किलो फूल अर्पित कर रंगोत्सव मनाया। आरती में केमिकल युक्त गुलाल व सिलेंडर लेकर आने वाले लोगों को भी उन्होंने बाहर का रास्ता दिखा दिया। सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने व्यवस्था संभाली तथा कुछ सेवकों को ही भीतर प्रवेश दिया गया।
पीएम, राष्ट्रपति, सीएम ने दुख जताया
इस घटना पर प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति ने दुख जताया। केंद्रीय गृह मंंत्री अमित शाह ने सीएम डॉ मोहन यादव से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी घटना पर दुख जताया। यादव इंदौर और उज्जैन में भर्ती सभी घायलों से मिलने भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए हर कदम उठाए जाएंगे। मजिस्ट्रियल जांच के लिए जिपं सीईओ मृणाल मीणा और एडीएम अनुकूल जैन को जिम्मेदारी दी गई है।
सीएम के बेटे सहित दो हजार से अधिक लोग थे
भस्म आरती दर्शन के लिए नंदीहाल, गणेश और कार्तिकेय मंडपम् में दो हजार से अधिक श्रद्धालु मौजूद थे। नंदी हाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव के बेटे वैभव भी थे। आग लगने पर अफरा-तफरी की स्थिति भी बनी। सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कर्मचारियों ने समय रहते अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पा लिया, अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था।
ये लोग झुलसे
सत्यनारायण, चिंतामण, रमेश, मनोज, महेश, शिवम, अंश, संजय, विकास, आनंद, सोनू, राजकुमार, कमल और मंगल आग से झुलसे हैं। इनमें से नौ को इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी के हालात खतरे से बाहर है।
इन बिंदुओं पर चल रही जांच, गुलाल के नमूने लिए, कार्रवाई होगी
केमिकल युक्त गुलाल कहां से आया, गर्भगृह में कितने लोग उपस्थित थे, नंदीहाल में कितने लोग उपस्थित थे, क्या पुजारियों-पुरोहितों ने नियम तोड़े, गर्भगृह में फ्लैक्स आदि कैसे लगे आदि बिंदुओ पर जांच की जा रही है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। विशेष दस्ते ने गुलाल के नमूने भी लिए हैं। इसके अलावा कई लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैँ। इसमें पंडे-पुजारी शामिल हैं। कलेक्टर नीरज सिंह ने कहा कि जो कोई भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।