यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 28, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Mahashivratri 2024: महाशिवरात्रि पर 15 लाख भक्तों के महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आने का अनुमान
Mahashivratri 2024 मंदिर प्रशासन के अनुसार नए साल की दर्शन व्यवस्था महाशिवरात्रि की रिहर्सल थी। इसमें मंदिर समिति काफी हद तक सफल रही।
By Hemant Kumar UpadhyayEdited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Sun, 28 Jan 2024 10:19:02 AM (IST)Updated Date: Sun, 28 Jan 2024 10:19:02 AM (IST)
HighLights
- महापर्व में डेढ़ माह का समय, उसी के अनुसार व्यवस्था जुटाएगा प्रशासन
- नए साल पर दो दिन में 10 लाख से अधिक भक्तों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए थे।
- इस बार शिवरात्रि महापर्व 8 मार्च शुक्रवार के दिन है।
Mahashivratri 2024: नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन । विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में 8 मार्च को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। महापर्व पर करीब 15 लाख भक्तों के महाकाल दर्शन करने आने का अनुमान है। पर्व में फिलहाल डेढ़ माह का समय शेष है। इस अवधि में प्रशासन श्रद्धालुओं की इसी अनुमानित संख्या के आधार पर व्यवस्था जुटाएगा।
नए साल पर दो दिन में 10 लाख से अधिक भक्त पहुंचे
मंदिर प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया नए साल पर दो दिन में 10 लाख से अधिक भक्तों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए थे। इस बार शिवरात्रि महापर्व 8 मार्च शुक्रवार के दिन है। 9 मार्च शनिवार को साल में एक बार दिन में दोपहर 12 बजे भस्म आरती है। इसके अगले दिन रविवार होने से तीन दिन तक दर्शनार्थियों का जमावड़ा रहने का अनुमान है।
नए साल की दर्शन व्यवस्था महाशिवरात्रि की रिहर्सल थी
प्रशासन को उम्मीद है कि इन तीन दिनों में 15 लाख से अधिक भक्त भगवान महाकाल के दर्शन करेंगे। नए साल की दर्शन व्यवस्था महाशिवरात्रि की रिहर्सल थी। इसमें मंदिर समिति काफी हद तक सफल रही। भक्तों को कम समय में सुविधापूर्वक भगवान महाकाल के दर्शन हुए। महाशिवरात्रि पर बड़े गणेश से हरसिद्धि चौराहा व चारधाम मंदिर तक क्राउड मैनेजमेंट तथा जूता स्टैंड की व्यवस्था पर और अधिक ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही कुछ अन्य विषय जिस पर हमें लगता है कि और अच्छे से काम होना चाहिए इनकी लिस्टिंग की जा रही है।
दूरी कम करें... ताकि भक्तों को अधिक पैदल ना चलना पड़े
मंगलवार को महाकाल मंदिर में निर्माण कार्यों का अवलोकन करने पहुंचे मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने अधिकारियों को पार्किंग की दूरी कम करने का प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहनों को काफी दूर पार्क करा दिया जाता है, इससे श्रद्धालुओं को लंबा पैदल चलना पड़ता है। ऐसी व्यवस्था होना चाहिए की वाहन महालोक से जितना अधिक संभव हो नजदीक पार्क हो, ताकि दर्शनार्थियों का कम पैदल चलना पड़े। यह व्यवस्था आम दिनों के अलावा महापर्वों के समय भी उपयोग में आए इस प्रकार की योजना बनाई जानी चाहिए। प्रशासक के अनुसार इस पर काम शुरू कर दिया गया है।
महाकाल के भक्तों को मिलेगी हेलिकाप्टर की सुविधा
अगर सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले समय में भगवान महाकाल के भक्तों को मंदिर के नजदीक हेलिकाप्टर की सुविधा मिल सकती है। मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव की मंशा है कि मंदिर के समीप अत्याधुनिक हैलिपेड बनाया जाए, ताकि हेलिकाप्टर सुविधा का उपयोग करने वाले श्रद्धालु अल्पसमय में भगवान महाकाल के दर्शन कर पुन: गंतव्य को रवाना हो सकें। बताया जाता है मंगलवार को सीएम ने अधिकारियों को हैलिपेड के लिए मंदिर के समीप भूमि चयन करने के निर्देश भी दिए हैं।