
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। कालभैरव मंदिर में मंगलवार सुबह साधु वेशधारी ने हंगामा मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इन लोगों ने मंदिर के मुख्य द्वार को बाधित करते हुए दर्शनार्थियों को परेशान किया। मामले की शिकायत पुलिस को की गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों से भी तथाकथित साधुओं ने विवाद किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
जानकारी के अनुसार डोल ग्यारस पर स्थानीय के अलावा देशभर से हजारों भक्त भगवान कालभैरव के दर्शन करने मंदिर पहुंचे थे। शाम को भगवान कालभैरव की सवारी निकलना थी, इसलिए मंदिर में तैयारियां भी चल रही थी। इसी दौरान कुछ साधु वेशधारी लोगों ने मंदिर के मुख्य द्वार पर बेरिकेड लगाकर बेवजह हंगामा शुरू कर दिया।
यह लोग दर्शनार्थियों को मंदिर में प्रवेश नहीं करने दे रहे थे। हंगामे की स्थिति को देखते हुए आसपास के किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और व्यवस्था बनाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों को भी विवाद और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। हालांकि पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
यह भी पढ़ें- काशी के कोतवाल 'बाबा कालभैरव' ने पहली बार पहनी पुलिस की वर्दी, मंदिर में दर्शन को उमड़ी भीड़