
उज्जैन। देशभर में प्रसिद्घ मंगलनाथ मंदिर के प्रबंधक कार्यालय की जांच के दौरान गंभीर आर्थिक गड़बड़ियां मिलने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्रबंधक त्रिलोकविजय सक्सेना को तत्काल पद से हटाकर पुलिस के हवाले कर दिया है। मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष व एसडीएम एसआर सोलंकी से भी अध्यक्ष पद का अधिकार छीनकर उज्जैन एसडीएम को सौंप दिया है। एक दिन पहले ही प्रबंधक कार्यालय को सील किया था। गुरुवार को जांच के दौरान हिसाब मिलान के लिए दानराशि की गिनती के समय सक्सेना की जेब से 1.32 लाख रुपए मिले और दान में प्राप्त आभूषणों का रिकॉर्ड भी दर्ज नहीं पाया गया। मामले में देर रात तक जांच चलती रही।
मंगलनाथ मंदिर प्रबंधक कार्यालय बुधवार को ही नायब तहसीलदार ने वित्तीय अनियमितता की आशंका में सील किया था। ये खबर 'नईदुनिया' में प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। गुरुवार दोपहर को नायब तहसीलदार मूलचंद जूनवाल व आलोक चौरे मंदिर पहुंचे और सीलबंद दफ्तर खुलवाया तथा जांच शुरू की। प्रबंधक कार्यालय में प्राप्त दानराशि की गिनती कराई गई।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक गिनती के दौरान संदेह होने पर प्रबंधक सक्ेसना की जेब की तलाशी ली तो उसमें से 1 लाख 32 हजार 850 रुपए मिले। बताया जा रहा है कि ये पैसा उसने गिनती के दौरान ही अपनी जेबों में छिपा लिया था। इसकी सूचना पर एसडीएम अनिल बनवारिया भी मौके पर पहुंचे और सक्सेना को प्रबंधक पद से हटाने की कार्रवाई की। प्रबंधक का प्रभार सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर नरेंद्र राठौर को सौंपा। साथ ही पुलिस को सूचना देकर सक्सेना को थाने भेज दिया। प्रबंधक कार्यालय की विस्तृत जांच कराई जा रही है।
कलेक्टर पहुंचे मंदिर, फटकारा और...
प्रबंधन में गड़बड़ी के साथ दानराशि की चोरी करने की खबर लगने पर कलेक्टर सिंह तुरंत मंदिर पहुंचे और सक्सेना को जमकर फटकारा। बताया जाता है कि इस दौरान कलेक्टर खासे नाराज थे। बता दें कि कलेक्टर ने कुछ दिनों पहले ही सभी मंदिर प्रबंधकों की बैठक ली थी और कहा था आप सभी मेरे लिए पूजनीय हो, क्योंकि आप भगवान के यहां सेवा करते हैं। इतना ही नहीं उन्होंने कुछ मातहत अफसरों के सामने पुजारियों व प्रबंधकों के पैर भी छुए थे। चर्चा है कि दानराशि की चोरी की खबर से नाराज कलेक्टर ने सक्सेना को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा भगवान के मंदिर में ऐसे काम करने में शर्म आनी चाहिए।
ऐसे पकड़ाए जेब से दान के रुपए
दरअसल, जब अधिकारी सीलबंद कक्ष की जांच करने अंदर पहुंचे तब सक्सेना की जेब सामान्य थी। गिनती के दौरान पेंट की दोनों जेबें भरी दिखीं। इस पर नायब तहसीलदार जूनवाल व चौरे को संदेह हुआ। उन्होंने पूछा आपकी जेब में क्या है। तब सक्सेना ने बताया रुपए घर से लेकर आया था। अधिकारियों ने रुपए जेब से निकलवाए और पूछा कितने लाए थे, उसने जवाब दिया 29 हजार रुपए। यह पूछने पर कि किससे लाए थे उसने भतीजे का नाम बताया। अधिकारियों ने कहा भतीजे से बात कराओ। जैसे ही सक्सेना ने भतीजे को अपने मोबाइल से कॉल किया, नायब तहसीलदार चौरे ने तुरंत उसका मोबाइल अपने झपटकर अपने हाथ में ले लिया और उससे सीधी बात कर पूछा आपने अपने चाचा को कुछ रुपए दिए थे क्या। इस पर उसने इनकार कर दिया।
घट्टिया के राजस्व अफसरों को दूर रखा
प्रशासन ने यह कार्रवाई घट्टिया के राजस्व अफसरों को दूर रखकर की। इस कार्रवाई में घट्टिया के एसडीएम, तहसीलदार को न इस कार्रवाई की जानकारी दी और न इसमें शामिल किया। सूत्रों के मुताबिक प्रशासन के पास यह सूचना पहले ही पहुंच गई थी कि घट्टिया के अफसरों को साथ रखा तो गड़बड़ी पकड़ में नहीं आ सकेगी। एसडीएम मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष व तहसीलदार सचिव होते हैं। कार्यालय को सील करने व जांच करने की कार्रवाई को घट्टिया के अफसरों से भी गोपनीय रखा गया।
मंदिर से सीधे थाने भेजा
मंगलनाथ मंदिर के प्रबंधक त्रिलोक विजय सक्सेना की जेब से दानराशि निकलने और आभूषणों का रिकॉर्ड मंदिर के कार्यालय में दर्ज न होने पर उसे पद से हटा दिया गया है। उन्हें मंदिर से ही पुलिस के हवाले कर थाने भेज दिया, जहां से आगे की कार्रवाई होगी। जांच जारी है। अनिल बनवारिया, एसडीएम, उज्जैन