
Nagda News: नागदा जंक्शन। नागदा के एक स्कूल में प्रार्थना में सरस्वती वंदना व राष्ट्रीय गीत की जगह बच्चों को बाइबल सुनाई जाने व स्कूल में छात्राओं के नाम पर फर्जी आइडी बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने के मामले में विद्यार्थी परिषद के नेताओं ने स्कूल परिसर में नारेबाजी कर धरना दिया। विद्यार्थियों की छुट्टी होने पर गेट पर ताला लगा दिया। पुलिस ने पहुंचकर परिषद के नेताओं को समझाइश दी।
नागदा के फातिमा कान्वेंट स्कूल में छात्राओं के नाम पर स्कूल के ही छात्रों द्वारा फर्जी आइडी बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की जानकारी लगने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक चेतन चौहान, नगर मंत्री संस्कार रघुवंशी ने सोमवार दोपहर स्कूल जाकर प्राचार्य से चर्चा की। प्राचार्य संतुष्टिपूर्ण जवाब नहीं देते हुए कार्यालय से उठकर चले गए।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर में प्राचार्य की कार्यप्रणाली को लेकर धरना दे दिया। छात्रों की छुट्टी हुई तो स्कूल गेट पर ताला लगाकर सभी विद्यार्थियों को मंगलवार को स्कूल नहीं आने की अपील की। शिक्षक वंदना रावल से आंदोलनकारियों की नोंकझोंक हुई। कुछ देर बाद गेट का ताला खोला।
मौके पर नागदा पुलिस पहुंची ने कार्यकर्ताओं को समझाकर वहां से हटाया। इस संबंध में प्राचार्य अनिस से चर्चा की तो उन्होंने माता सरस्वती की तस्वीर नहीं होने की पुष्टि करते हुए कहा कि मैनेजर से चर्चा कर विचार किया जाएगा। फर्जी आइडी बनाने वाले छात्र के माता-पिता को बुलाकर उसे एक माह के लिए सस्पेंड कर दिया गया है।
नायन में नाबालिग बच्ची के साथ हुई हरकत के मामले में बुधवार को एसडीएम कार्यालय का घेराव करेंगे। इसमें फातिमा स्कूल का भी मामला रखा जाएगा। समाधान नहीं होने पर 10 अगस्त को स्कूल बंद कराया जाएगा। मंगलवार को स्कूल बंद नहीं कराया जाएगा। - चेतन चौहान, जिला संयोजक, एबीवीपी