महाकाल मंदिर में नंदी की मूर्ति हिली, ताबड़तोड़ लगाई सीमेंट
ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में नंदीजी की मूर्ति हिलने का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें
By Edited By:
Publish Date: Tue, 17 Jul 2018 08:44:55 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Jul 2018 10:10:33 AM (IST)

उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में नंदीजी की मूर्ति हिलने का मामला सामने आया है। जानकारी सामने आने पर अफसरों ने ताबड़तोड़ मूर्ति के आसपास व्हाइट सीमेंट लगवाकर इसे स्थिर किया है। साथ ही मूर्ति के आसपास बेरिकेडिंग भी कर दी गई है ताकि श्रद्धालु इसे हाथ न लगा सकें।
भगवान महाकालेश्वर के गर्भगृह के ठीक सामने नंदी हॉल में नंदीजी की मूर्ति विराजित है। भक्त भगवान के दर्शन के बाद नंदीजी के कान में अपनी मनोकामना कहते हैं। अफसरों के अनुसार सालों से श्रद्धालुओं द्वारा हाथ लगाने के कारण नंदीजी की मूर्ति हिलने लगी थी।
इसके तल में व्हाइट सीमेंट लगा दी गई है। इससे मूर्ति फिर स्थिर हो गई है। साथ ही श्रद्धालु मूर्ति को हाथ न लगा सकें, इसलिए अस्थायी तौर पर फिलहाल आसपास बेरिकेडिंग कर दी गई है। जल्द ही यह बेरिकेड भी हटा दिए जाएंगे।
इस तरह हुआ खुलासा
दरअसल, हाल ही में मूर्ति के आसपास बेरिकेडिंग की गई। जानकारी लेने पर पता चला कि मूर्ति को क्षति पहुंची है। इस कारण ऐसा किया गया। इससे पहले अफसर इस संबंध में कुछ भी बोलने से बच रहे थे।
पुजारी-पुरोहितों को भी इसकी जानकारी नहीं थी। बेरिकेडिंग को दर्शन व्यवस्था का ही हिस्सा माना जा रहा था। नईदुनिया की पड़ताल में उक्त तथ्य का खुलासा हुआ। मामले में सहायक प्रशासक चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि नंदीजी की मूर्ति हिल रही थी, इसलिए सीमेंट लगाकर आसपास बेरिकेडिंग की गई है।