
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष, आल इंडिया कांग्रेस कमेटी की सदस्य और नीमच प्रभारी नूरी खान ने अपने सभी पार्टी दायित्वों से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे की कापी उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष कमल नाथ को भेजी है।
उन्होंने इंटरनेट पर अपने इस्तीफे की जानकारी साझा की। लिखा कि ‘कांग्रेस पार्टी के समस्त महत्वपूर्ण पदों से इस्तीफा दे रही हूं। पार्टी की विचारधारा से जुड़ी रहूंगी साधारण सदस्य के रूप में।’ उन्होंने ‘नईदुनिया’ से कहा कि हज करने जा रही हूं। स्वास्थ्य व अन्य कारणों से पार्टी की जिम्मेदारियों का निर्वहन आगे नहीं कर पाऊंगी।
5 मार्च को कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर उज्जैन पहुंचने वाले हैं। इसके पहले नूरी खान के इस्तीफे को कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। मालूम हो कि नूरी खान पिछले 25 साल से कांग्रेस की सक्रिय सदस्य और पदाधिकारी रही हैं। उन्होंने राजनीति की शुरुआत छात्र जीवन में ही कर दी थी। वे एनएसयूआइ की अध्यक्ष भी रही हैं।
शिप्रा शुद्धि, महंगाई सहित विभिन्न मुद्दों लेकर वे सड़कों पर प्रदर्शन करती नजर आई है। वे कांग्रेस की प्रवक्ता भी रही हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने उत्तर से चुनाव लड़ने को टिकट भी मांगा था। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी वे साथ चली थीं। उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और जन आंदोलन के दर्जनों मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। कोरोना लहर के दौरान भी उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। फिलहाल वे जमानत पर हैं।
