- माधवनगर स्टेशन पर खंडहर हो गया प्रीपेड बूथ
उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। रेलवे स्टेशन पर प्रीपेड आटो सेवा बूथ बंद होने से आटो व ई रिक्शा चालक मनमाने तरीके से यात्रियों से किराया वसूल रहे हैं। स्टेशन से महाकाल तक जाने के यात्रियों से 100 रुपये से 150 तक वसूले जा रहे हैं। यातायात पुलिस का कहना है कि बल की कमी के कारण बूथ बंद कर दिया गया है। जल्द ही उसे फिर से शुरू किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन प्रीपेड ऑटो सेवा यात्रियों की सहूलियत के लिए शुरू की गई थी। यातायात पुलिस ने महाकाल, इंदिरा नगर, टावर, फ्रीगंज सहित अन्य क्षेत्रों का किराया तय कर रखा था। यात्रियों के स्टेशन से बाहर निकलते ही पहले ही किराया ले लिया जाता था। जिसकी एक पर्ची आटो चालक को दी जाती थी। चालक यात्री को छोड़ने के बाद बूथ पर आकर अपने रुपये ले लेता था। प्रीपेड बूथ के कारण आटो चालक मनमाना किराया नहीं वसूल सकते थे लेकिन यातायात पुलिस ने प्रीपेड बूथ बंद कर दिया है। जिसके कारण आटो चालक स्टेशन से महाकाल तक का किराया 100 रुपये से 150 रुपये वसूल रहे हैं। सावन में रोजाना हजारों यात्री उज्जैन में महाकाल दर्शन करने के लिए आ रहे हैं। आटो चालकों की मनमानी के कारण उनसे दो से तीन गुना किराया लिया जा रहा है।
माधवनगर स्टेशन पर खंडहर हो गया बूथ
यातायात पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर एक के बाहर तथा माधवनगर स्टेशन पर बूथ बनाए थे। माधवनगर की ओर बना बूथ खंडहर हो चुका है। उसे पुलिस ने शुरू तक नहीं किया था। माल गोदाम की ओर तो प्रीपेड बूथ बनाया ही नहीं गया है। इस स्टेशन पर सबसे ज्यादा यात्री उतरते हैं।
बल की कमी के कारण किया बंद
डीएसपी यातायात सुरेंद्रपालसिंह राठौर का कहना है कि उन्हें भी स्टेशन पर यात्रियों से मनमाने किराए वसूलने की शिकायत मिली है।
बल की कमी के कारण बूथ को बंद कर दिया गया है। महाकाल सवारी तथा अन्य त्योहारों के कारण व्यवस्था शहर में लगाई गई है। इस कारण बूथ पर बैठने वाले जवानों को वहां से हटाकर अन्य जगहों पर ड्यूटी लगाई गई है। एक-दो दिनों में बूथ को शुरू कर दिया जाएगा।
------