
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सिंहस्थ-2028 में करोड़ों श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए पुलिस ने यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं और वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही जाम की स्थिति से बचने के लिए अलग-अलग मार्ग विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है।
इसके तहत फ्लाईओवर, पैदल यात्री पुल और अंडरब्रिज की उपयोगिता का परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर प्रस्तावित यातायात मार्गों और पार्किंग स्थलों की स्थिति देखी।
अधिकारियों ने वाकणकर ब्रिज से निरीक्षण शुरू किया। इसके बाद लालपुल टर्निंग, भूखी माता क्षेत्र, रणजीत हनुमान और कार्तिकराज पार्किंग क्षेत्र का जायजा लिया। इस दौरान प्रस्तावित यातायात रूट प्लान का मौके पर परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मार्गों की चौड़ाई, उनकी कनेक्टिविटी और वाहनों की आवाजाही की संभावनाओं को देखा। सिंहस्थ के दौरान इन क्षेत्रों में श्रद्धालुओं और वाहनों का दबाव अधिक रहने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान इस बात पर विशेष चर्चा की गई कि पैदल श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही को किस तरह अलग रखा जाए। इसके लिए प्रस्तावित फ्लाईओवर, पैदल यात्री पुल और अंडरब्रिज कितने उपयोगी होंगे, इसका आकलन किया गया। प्रमुख चौराहों पर यातायात का दबाव कम करने और भीड़ को अलग-अलग मार्गों से निकालने की संभावनाएं भी देखी गईं।
रणजीत हनुमान और कार्तिकराज पार्किंग सहित अन्य प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वाहनों के प्रवेश और निकासी मार्ग, पार्किंग क्षमता तथा मुख्य मार्गों से उनकी कनेक्टिविटी देखी। पार्किंग में वाहन खड़े करने के बाद श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए भी योजना बनाने पर चर्चा हुई।
संभावित यातायात दबाव वाले स्थानों को चिह्नित कर वैकल्पिक मार्ग, वन-वे व्यवस्था, डायवर्जन, बैरिकेडिंग और यातायात संकेतक लगाने जैसे बिंदुओं पर भी विचार किया गया। एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मार्ग और पार्किंग स्थल का सूक्ष्मता से अध्ययन कर ऐसी कार्ययोजना तैयार करें, जिससे सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रभावित न हो।
निरीक्षण के दौरान एसपी सहित सभी अधिकारी अलग-अलग वाहनों के बजाय एक ही ट्रैवलर से मेला क्षेत्र पहुंचे। भ्रमण में एएसपी गुरु प्रसाद पराशर, एएसपी मनोज खत्री, टीआई ट्रैफिक सौरभ तिवारी, टीआई राकेश तिवारी, टीआई निवेश मालवीय और आरआई रंजीत सिंह शामिल रहे।