• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • दिवाली पूजन 2026
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • उज्जैन

गुजरात से 90 हजार में खरीदकर उज्जैन लाए थे 20 लीटर दूध देने वाली गाय ‘राधा’, जीता एक लाख का इनाम

उज्जैन के किसान गौरव रघुवंशी की गिर गाय ‘राधा’ ने एक दिन में 19.76 लीटर दूध देकर प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है।

By Rajesh VermaEdited By: Ramnath Mutkule
Publish Date: Tue, 10 Nov 2026 09:45:02 AM (IST)Updated Date: Tue, 10 Nov 2026 09:53:39 AM (IST)
  • को पसंदीदा स्रोत बनाएं preferred source google
गुजरात से 90 हजार में खरीदकर उज्जैन लाए थे 20 लीटर दूध देने वाली गाय ‘राधा’, जीता एक लाख का इनाम
उज्जैन में इनाम जीतने वाली गाय। -सौजन्य

HighLights

  1. गुजरात से खरीदकर लाए, घर के सदस्य की तरह रखते हैं
  2. 60% दूध बेचते हैं, 40% बछड़े के लिए रखते हैं
  3. प्रतियोगिता में गोपाल दूसरे, संदीप चौधरी तीसरे स्थान पर

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : उज्जैन के किसान गौरव रघुवंशी की गिर गाय ‘राधा’ ने एक दिन में 19.76 लीटर दूध देकर प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत 30 और 31 अक्टूबर को वृंदावन ग्राम तलोद में दो दिवसीय प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें प्रदेश के 313 विकासखंडों से पशुपालकों ने हिस्सा लिया।

राधा ने सबसे अधिक दूध देकर एक लाख रुपए का पुरस्कार जीता। गौरव ने यह गाय गुजरात से 90 हजार रुपए में खरीदी थी। खास बात यह है कि कुछ समय पहले गंभीर रूप से बीमार पड़ने के बाद राधा की हालत इतनी खराब हो गई थी कि उसके बचने की उम्मीद भी कम थी। लेकिन गौरव ने उसकी देखभाल जारी रखी। उसे खुले वातावरण में रखा, हरी घास खिलाई और खान-पान का विशेष ध्यान दिया। आज वही गाय प्रदेश की सबसे अधिक दूध देने वाली गायों में पहले स्थान पर है।


गुजरात से खरीदकर लाए, घर के सदस्य की तरह रखते हैं

गौरव रघुवंशी ने बताया कि उन्होंने राधा को गुजरात से 90 हजार रुपए में खरीदा था। उसे घर के सदस्य की तरह रखा है। वे गाय को बांधकर रखने के बजाय खुले वातावरण में छोड़ते हैं, ताकि वह आराम से घूम सके। उसके खाने में रोज हरी घास शामिल रहती है।

बीमारी के दौरान भी उन्होंने उसकी देखभाल में कोई कमी नहीं रखी। धीरे-धीरे उसकी सेहत में सुधार हुआ और वह फिर से स्वस्थ हो गई। गौरव का कहना है कि गाय को अच्छा वातावरण और नियमित देखभाल देना जरूरी है।

60% दूध बेचते हैं, 40% बछड़े के लिए रखते हैं

गौरव बताते हैं कि राधा के कुल दूध का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा ही वे बेचते हैं। यह दूध आसपास के लोग खरीद लेते हैं, जबकि 40 प्रतिशत दूध उसके बछड़े के लिए सुरक्षित रखते हैं। उज्जैन में गिर गाय का दूध करीब 90 रुपए प्रति लीटर बिकता है। सामान्य गायों के मुकाबले गिर गाय के दूध की कीमत अधिक मिलती है। राधा की उपलब्धि से उत्साहित गौरव अब पुरस्कार में मिली एक लाख रुपए की राशि से एक और गिर गाय खरीदने की योजना बना रहे हैं।

खान-पान और देखभाल पर विशेष ध्यान

सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी दिलीप मेहता ने बताया कि गिर गाय मूल रूप से गुजरात की नस्ल है। इसके दूध उत्पादन और स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए संतुलित खान-पान जरूरी है। गायों के आहार में हरा चारा और जरूरी पोषक तत्वों के साथ कोबाल्ट व जिंक जैसे मिनरल भी दिए जाते हैं। प्रदेश में गिर नस्ल की संख्या बढ़ाने के लिए कृत्रिम गर्भाधान को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। गुजरात से बड़ी संख्या में गिर गायों को मध्य प्रदेश लाया जा रहा है।

प्रतियोगिता में गोपाल दूसरे, संदीप चौधरी तीसरे स्थान पर

पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप संचालक डॉ. वीरेंद्र कुमार और दिलीप मेहता ने बताया कि प्रतियोगिता में देशी गोवंश की दुग्ध उत्पादन क्षमता के आधार पर पशुपालकों का चयन किया गया। गिर गाय राधा ने प्रतिदिन 19.76 लीटर दूध देकर पहला स्थान हासिल किया। इसके लिए उसके पशुपालक गौरव रघुवंशी को सोमवार को भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में एक लाख रुपए का पुरस्कार दिया गया।

गोपाल ने दूसरा स्थान हासिल कर 50 हजार रुपए और संदीप चौधरी ने तीसरा स्थान प्राप्त कर 25 हजार रुपए का पुरस्कार जीता। प्रतियोगिता में गाय के सुबह और शाम के दूध की जांच के आधार पर दुग्ध उत्पादन का आकलन किया गया।

किसान की आय बढ़ाने के लिए खरीदी थी गिर गाय

गौरव रघुवंशी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी। इसी सोच के साथ उन्होंने गिर गाय खरीदने का फैसला किया था। अब गाय की उपलब्धि से उन्हें आर्थिक पुरस्कार भी मिला है। गौरव का कहना है कि इस राशि से वे एक और गिर गाय खरीदेंगे, ताकि पशुपालन के जरिए अपनी आय बढ़ा सकें।

रतलाम के मुकेश ने पुणे की नौकरी छोड़कर शुरू किया डेयरी फार्म

रतलाम जिले के पिपलौदा विकासखंड के ग्राम सुखेड़ा निवासी मुकेश कुमार परमार ने डेयरी व्यवसाय में अपनी पहचान बनाई है। ग्रेडेड गिर गाय के 17.23 लीटर औसत प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन के साथ उन्होंने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया।

गोवर्धन पर्व पर सोमवार को सागौद गौशाला में आयोजित गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया। रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, महापौर प्रहलाद पटेल, कलेक्टर अजय कटेसरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुकेश को पुरस्कार प्रदान किया।

मुकेश ने बीटेक (इलेक्ट्रिकल) की पढ़ाई की है। वे पुणे में टेस्टिंग इंजीनियर के रूप में नौकरी करते थे, लेकिन कोरोना काल में नौकरी छोड़कर गांव लौट आए। यहां उन्होंने डेयरी फार्म शुरू किया। वर्तमान में उनके पास 2 गिर गाय, 5 जाफरावादी और 4 मुर्रा भैंसें हैं। उनके डेयरी फार्म में कुल 14 से 15 पशु हैं।

73 हजार रुपए में आठ महीने पहले खरीदी गिर गाय

मुकेश ने बताया कि उनकी गिर गाय देशी नस्ल की है। इसे उन्होंने करीब आठ महीने पहले स्थानीय स्तर पर 73 हजार रुपए में खरीदा था। गाय को सामान्य पशु आहार के साथ गेहूं, सोयाबीन, बाजरा, हरा चारा और खल दिया जाता है।

एक समय के भोजन में घर के अनाज, खल और अन्य पशु आहार मिलाकर करीब 3 से साढ़े 3 किलो खुराक दी जाती है। संतुलित आहार और देखभाल के साथ इस गाय का औसत दूध उत्पादन 17.23 लीटर प्रतिदिन रहा, जिसके आधार पर उन्हें प्रदेश में दूसरा स्थान मिला।

यह भी पढ़ें- गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना: CM मोहन यादव गोवर्धन पूजा पर्व पर करेंगे पशुपालकों का सम्मान

एक क्लिक पर पढ़ें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें। Hindi News पढ़ें। MP News, Chhattisgarh news, आज का राशिफल और आज का मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पढ़ें।