
Republic Day 2024 : नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। देशभर में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया गया, लेकिन बड़ा गणेश मंदिर में गणतंत्र की स्थापना का महापर्व 17 फरवरी को मनाया जाएगा। दरअसल इस मंदिर में धार्मिक त्योहारों की तरह 15 अगस्त व 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्व भी तिथि के अनुसार मनाए जाते हैं। तिथि अनुसार गणतंत्र दिवस माघ मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि पर 17 फरवरी को है।
पंचांगकर्ता, ज्योतिषाचार्य पं.आनंदशंकर व्यास के अनुसार तारीख के अनुसार पर्व त्योहार मनाना अंग्रेजी परंपरा है। भारतीय सनातन धर्म संस्कृति में व्रत त्योहार पंचांग की तिथि के अनुसार मनाए जाते हैं।
बड़े गणेश मंदिर तथा व्यास परिवार में आज भी यह परंपरा कायम है। हमारे यहां धार्मिक व राष्ट्रीय त्योहार तिथि के अनुसार ही मनाए जाते हैं। पं.व्यास के अनुसार 26 जनवरी सन 1950 को हमारे देश का संविधान लागू हुआ था, उस दिन माघ मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि थी। इसलिए बड़े गणेश मंदिर में प्रतिवर्ष माघ शुक्ल अष्टमी को गणतंत्र दिवस मनाया जाता है।