Shiv Temple in MP: उज्जैन। महाकाल मंदिर के समीप स्थित श्री बड़ा गणेश मंदिर में श्री एकलिंगी बारह ज्योतिर्लिंग विराजित हैं। वर्षभर भक्त यहां इस दिव्य शिवलिंग के दर्शन करने आते हैं। श्रावण अधिकमास में दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ है। श्रावण में प्रतिदिन भगवान का रूद्राभिषेक किया जा रहा है।
बड़ा गणेश मंदिर में करीब 54 साल पहले पं.नारायणजी व्यास ने एकलिंगी बारह ज्योतिर्लिंग मंदिर की स्थापना की थी। इस एक शिवलिंग में बारह ज्योतिर्लिंग विराजित है। मान्यता है इस शिवलिंग का पूजन करने से बारह ज्योतिर्लिंग के पूजन का पुण्य फल प्राप्त होता है।
उज्जैन में बड़ा गणेश मंदिर की स्थापना स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए गणतंत्र के आराध्य देव भगवान गणेश की पूजा अर्चना करने के लिए की गई थी। देश के स्वतंत्र होने तक यहां प्रतिदिन स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए अनुष्ठान चला। उस समय यह मंदिर स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों की आश्रय स्थली भी रहा है। स्वतंत्रता के बाद से प्रतिदिन देश में सुख समृद्धि तथा अखंड भारत की प्रार्थना के साथ बड़े गणेश व एकलिंगी बारह ज्योतिर्लिंग का पूजन किया जाता है।
एकलिंगी बाहर ज्योतिर्लिंग के पूजन से एक साथ द्वादश ज्योतिर्लिंग के पूजन का पुण्य फल प्राप्त होता है। श्रावण मास में भगवान का नित्य रूद्राभिषेक किया जा रहा है। - पं. आनंदशंकर व्यास, पंचांगकर्ता व पुजारी
एकलिंगी बारह ज्योतिर्लिंग के दर्शन से भक्तों की मनोकामना सहज ही पूरी हो जाती है। श्रावण मास में भक्तों को एक बार इनके दर्शन अवश्य करना चाहिए। - बीएल नामदेव, भक्त