
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : महाकवि कालिदास की आराध्य देवी मां गढ़कालिका के दरबार में अब श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए धूप और बारिश में कतारों में खड़े नहीं रहना पड़ेगा। सिंहस्थ-2028 से पहले मंदिर परिसर का पूरा स्वरूप बदलने की तैयारी है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 17.81 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। अब असली चुनौती निर्धारित समय में निर्माण पूरा करने की है। परियोजना का अनुबंध 18 महीने का है, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने सिंहस्थ की तैयारियों को देखते हुए 14 महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। यानी निर्माण एजेंसी को चार महीने पहले काम समाप्त करना होगा।
मालूम हो कि मंदिर परिसर की भविष्य की जरूरतों और सिंहस्थ के दौरान संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पहले स्वीकृत 13.14 करोड़ रुपये का टेंडर निरस्त कर उज्जैन विकास प्राधिकरण ने संशोधित योजना तैयार की थी। इसकी लागत बढ़ाकर 17.81 करोड़ रुपये की गई है। इसमें 13.51 करोड़ रुपये सिविल वर्क, 1.38 करोड़ रुपये इलेक्ट्रिकल कार्य, 89.40 लाख रुपये सुपरविजन चार्ज मुख्य रूप से शामिल है। 7150.75 वर्गमीटर यानी करीब 1.70 एकड़ में फैले मंदिर परिसर को मास्टर प्लान के अनुसार विकसित किया जाएगा। इसमें सबसे बड़ा बदलाव श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन को लेकर होगा।
मां गढ़कालिका मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि अवंतिका की प्राचीन सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत से भी जुड़ा है। मंदिर में दोनों नवरात्र के दौरान हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सिंहस्थ में भी यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होगा। ऐसे में प्रतीक्षा हाल, पार्किंग, प्रवेश और निकास की व्यवस्थित व्यवस्था स्थायी सुविधा साबित हो सकती है। सिंहस्थ से पहले मंदिर का नया स्वरूप तैयार करना है, इसलिए यहां देरी की गुंजाइश नहीं है।
यह भी पढ़ें- ओंकारेश्वर में पहली बार बना भारत माता मंदिर, दीवाली पर मार्कंडेय संन्यास आश्रम में किया गया लोकार्पण