
डिजिटल डेस्क, उज्जैन। प्रसिद्ध टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में साइंटिस्ट कृष्णन अय्यर की भूमिका से मशहूर हुए अभिनेता तनुज महाशब्दे शनिवार को धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने अपने 80 साल के पिता के साथ विश्वप्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में शीश नवाया। एक्टर ने जलद्वार पर विधि-विधान से जलाभिषेक कर महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति ने उनका आत्मीय स्वागत व सम्मान किया।
दर्शन-पूजन के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए तनुज महाशब्दे ने कहा कि महाकाल के आंगन में कदम रखते ही जो असीम शांति और आत्मिक सुख मिला है, उसे लफ्जों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि यह यात्रा उनके जीवन का इतना अलौकिक और अविस्मरणीय अनुभव बन जाएगी। बाबा के धाम में मिलने वाला सुकून वाकई अद्वितीय है।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में महाकाल को भस्मआरती के दौरान गर्म पानी से नहलाने की परंपरा शुरू, होली तक जारी रहेगा क्रम
सीरियल में वैज्ञानिक का किरदार निभाने वाले तनुज ने आस्था पर बात करते हुए कहा कि आधुनिक विज्ञान भले ही कितनी भी ऊंचाइयों को छू ले, लेकिन ईश्वर की शक्ति और उनकी सत्ता हमेशा सबसे ऊपर रहती है। उनके लिए महाकाल से बढ़कर कोई शक्ति नहीं है। उन्होंने देवाधिदेव से संपूर्ण राष्ट्र और सभी देशवासियों के मंगल व समृद्धि की प्रार्थना की।