
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर आठ पर जीआरपी ने मादक पदार्थ की बड़ी खेप के साथ पंजाब की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाएं ट्राली बैग और अन्य बैग में डोडा चूरा भरकर ले जा रही थी। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 74 किलो 995 ग्राम डोडा चूरा जब्त किया है। जीआरपी ने दोनों के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
जीआरपी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्लेटफार्म नंबर आठ पर दो महिलाएं मादक पदार्थ लेकर बैठी हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों पुलिस को देखकर वहां से जाने लगीं। संदेह होने पर पुलिस ने उन्हें घेरकर रोक लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम परमिंदर पत्नी जगतार सिंह उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम तलवंडी कला, थाना लाडूवाल, जिला लुधियाना, पंजाब और जसबिंदर उर्फ किंदर पत्नी बलविंदर सिंह उम्र 47 वर्ष निवासी ग्राम तलवंडी कला, थाना लाडूवाल, जिला लुधियाना, पंजाब बताया।
तलाशी के दौरान परमिंदर के तीन बैग से 41 किलो 555 ग्राम डोडा चूरा मिला। वहीं जसबिंदर के दो बैग से 33 किलो 440 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इस तरह दोनों के पास से कुल 74 किलो 995 ग्राम डोडा चूरा मिला। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले को लेकर जांच कर रही है, वहीं पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी है कि महिलाएं कहां से डोडा चूरा लेकर आई थी और किन लोगों को इसकी सप्लाय किया जाना था। पूछताछ में तस्करी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद बड़े खुलासे हो सकते हैं।