
उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने जिला समीक्षा बैठक में उज्जैन के अधिकारियों को निर्देश दिया कि ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर की दर्शन व्यवस्था तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर कराएं और जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण के पग पड़े उन स्थानों को धार्मिक क्षेत्र के रूप में विकसित किए जाएं।
उन्होंने सिंहस्थ-2028 के लिए सड़क का ट्रैफिक प्लान तैयार करने, पुरातत्व महत्व की संपत्तियों का रिनोवेशन प्राथमिकता से कराने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेज आवाज में स्पीकर बजाने वालों के खिलाफ गृह विभाग मोबाइल एप बनवा रहा है।
इस पर नागरिक ऐसे लोगों, संगठनों की शिकायत कर सकेंगे जो निर्धारित डेसीबल से अधिक पर स्पीकर बजाता है। सीएम ने निर्माण कार्य करने वाले विभागों से कहा है कि 50 लाख रुपये तक के निर्माण कार्य जो पूर्ण हो चुके हैं, उनका लोकार्पण कराएं। जिनकी स्वीकृति हो चुकी है, उनका भूमि पूजन कराएं।
लाउड स्पीकर तेज आवाज में बजाने वालों पर निरंतर कार्रवाई जारी रखें। अच्छे काम करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, खराब काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।