Ujjain Crime News : चाय बनाने के विवाद में छोटे भाई की कनपटी पर लकड़ी मारकर हत्या
Ujjain Crime News : महिदपुर रोड पर वारदात। अस्पताल में बोला था छत से गिरने से घायल हुआ था भाई।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Tue, 25 Apr 2023 04:30:21 PM (IST)
Updated Date: Wed, 26 Apr 2023 08:20:26 AM (IST)

Ujjain Crime News : उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। महिदपुर रोड थाना क्षेत्र में दो भाइयों के बीच चाय बनाने को लेकर हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। घटना 22 अप्रैल की है। पुलिस ने पड़ताल के बाद मंगलवार को मृतक के भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि दिलीप सिंह उर्फ भीम सिंह पुत्र करण सिंह उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम चिवड़ी थाना महिदपुर रोड़ को 22 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े पांच बजे उसका बड़ा भाई मांगूसिंह घायल हालत अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचा था। डॉक्टर को उसने बताया कि उसका भाई छत से गिरने पर घायल हुआ है।
इस पर अस्पताल कर्मचारियों ने थाने को जानकारी दी थी। इलाज के दौरान दिलीप की मौत हो गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान मृतक के स्वजन के बयान लिए तो उसमें पता चला कि मृतक दिलीप का तीसरा भाई रूगनाथ घर में चाय बना रहा था। उस दौरान दिलीप ने उसे चाय बनाने से रोका और कहा कि भाभी चाय बना देगी।
इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद रूगनाथ घर से कहीं चला गया था। बाद में वह घर लौटा तो दिलीप कमरे में सो रहा था। रूगनाथ ने अपने छोटे भाई दिलीप पर सोते समय लकड़ी से हमला कर दिया। कनपटी पर चोट लगने के कारण वह घायल हो गया था।
उपचार के दौरान उसकी अस्पताल में मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि दिलीप, रूगनाथ, मांगू व एक अन्य कुल चार भाई हैं। मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपित भाई रूगनाथ को गिरफ्तार कर लिया है।