
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन: गोरकर बंधुओं के दोहरे हत्याकांड में फरार चल रहे दो आरोपितों को नीलगंगा पुलिस ने शनिवार को करोहन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान दोनों आरोपितों ने पुलिस टीम पर हमला कर भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई के दौरान दोनों के पैर में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोनू पुत्र विजयबहादुर पासी निवासी जबरन कॉलोनी और विजय उर्फ छोटू पुत्र सीताराम सूर्यवंशी निवासी जबरन कालोनी घटना के बाद से फरार थे। पुलिस उनकी लगातार तलाश कर रही थी। शनिवार को सूचना के आधार पर टीम ने करोहन क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान दोनों ने पुलिसकर्मियों से बचने के लिए हमला किया और भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार सोनू पासी के विरुद्ध नीलगंगा और महाकाल थाने में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, मारपीट, धमकी सहित 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं विजय उर्फ छोटू के विरुद्ध नागझिरी और माधवनगर थाने में तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर और उज्जैन रेलवे स्टेशन पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनों से टिकट लेना हुआ आसान, फैसिलिटेटर कर रहे मदद
सोनू के विरुद्ध नीलगंगा थाने में जुलाई में बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 190, 191(2), 191(3) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज हुआ था। पुलिस अब दोहरे हत्याकांड में दोनों की भूमिका और उनके अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें- वीडियो बनाती रही दोस्त, तालाब में डूब गया उसका साथी; उज्जैन में गणेश विसर्जन के दौरान हादसा