
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सिंहस्थ-2028 के लिए कंठाल से गोपाल मंदिर तक मार्ग चौड़ीकरण की राह में बाधा बने खड़े हनुमान मंदिर की मूर्ति का विस्थापन प्रशासन के लिए पहेली बना हुआ है। मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए 79 दिन बीत चुके हैं, लेकिन करीब आठ फीट ऊंची मूर्ति मूल स्थान पर ही है।
इसे बिना नुकसान दूसरी जगह स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के लिए रविवार सुबह करीब छह बजे दिल्ली से आई तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने जांच की। टीम ने मूर्ति के आसपास उपकरण लगाकर परीक्षण किया। मूर्ति के सुरक्षित विस्थापन के लिए इंदौर और भोपाल की टीमों के बाद अब दिल्ली के विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है, लेकिन अभी तक अंतिम तकनीकी समाधान सामने नहीं आया है।
कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 450 मीटर लंबे मार्ग को नौ मीटर से बढ़ाकर 15 मीटर चौड़ा किया जाना है। इसकी जद में 172 मकान-दुकान और करीब 10 धार्मिक स्थल आए हैं। खड़े हनुमान मंदिर हटाने की कार्रवाई 30 अगस्त को शुरू हुई थी। विरोध के चलते पहले दिन प्रक्रिया रोकनी पड़ी।
एक सितंबर को प्रशासन ने दोबारा कार्रवाई शुरू की। करीब 16 घंटे चली कार्रवाई में मंदिर का शिखर और ऊपरी हिस्सा हटाया गया। इसके बाद चार सितंबर को मंदिर का मुख्य ढांचा भी तोड़ दिया गया। मूर्ति को नहीं हटाया जा सका। प्रशासन की योजना इसे छत्री चौक क्षेत्र में तैयार किए जा रहे नए मंदिर में स्थापित करने की बताई गई थी।
मूर्ति की गहराई और आधार की संरचना समझने के लिए आठ सितंबर के आसपास इंदौर के विशेषज्ञों से तकनीकी परीक्षण कराया गया। इसके बाद 29 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे भोपाल से आई टीम ने एसडीएम लक्ष्मीनारायण गर्ग की मौजूदगी में इलेक्ट्रानिक मशीनों से मूर्ति और उसके बेस (नींव) की स्कैनिंग की।
अब 22 नवंबर को दिल्ली से पहुंची टीम ने दोबारा परीक्षण किया। वीडियो फुटेज में मंदिर के भीतर दो व्यक्ति हरे रंग के उपकरण और टैबलेट की मदद से जांच करते दिखाई दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें- उज्जैन के प्राचीन खड़े हनुमान मंदिर में आधी रात पहुंची भोपाल की टीम, मूर्ति के बेस की गहराई जांची
तकनीकी जांचों का उद्देश्य मूर्ति के बेस की गहराई, जमीन के भीतर उसकी संरचना और सुरक्षित विस्थापन की संभावना पता लगाना है, लेकिन 29 अक्टूबर की भोपाल टीम की रिपोर्ट भी सामने नहीं आई। सवाल है कि पहली जांच में क्या सामने आया, दूसरी टीम को दोबारा परीक्षण की जरूरत क्यों पड़ी और मूर्ति को कब तक सुरक्षित स्थानांतरित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- एक सप्ताह से मशक्कत, फिर भी नहीं हिली उज्जैन की परमारकालीन हनुमान प्रतिमा