Ujjain Mahakal Mandir News: उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर का नंदी मंडपम रजत मंडित करने की तैयारी चल रही है। मंदिर समिति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले इस काम को पूरा करना चाहती है। इसके लिए स्वर्णकारों से चर्चा की जा रही है। बताया जाता है समिति ने प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को देखते हुए प्लान बी भी तैयार कर रखा है। इसके तहत नंदी मंडपम को दक्षिण भारतीय शैली में सजाने पर भी विचार किया जा रहा है।
महाकाल मंदिर समिति ने सिंहस्थ 2016 से पहले गर्भगृह को रजत मंडित कराया था। इसमें करीब 495 किलो चांदी का उपयोग हुआ है। गर्भगृह को रजत मंडित करने के लिए देशभर के दानदाताओं ने चांदी दान की थी। स्वर्णकारों ने चांदी की प्लेट तैयार कर उसे गर्भगृह की दीवार पर लगाया है। मंदिर समिति अब नंदी मंडपम को रजत मंडित करने की तैयारी कर रही है। योजना के तहत नंदी मंडपम से गर्भगृह के गलियारे में प्रवेश करने वाले द्वार के दोनों ओर की दीवार पर चांदी की प्लेट लगाई जाना है। सूत्र बताते हैं मंदिर समिति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले नंदी मंडपम को रजत मंडित करना चाहती है। समय की कमी के कारण प्लान बी के तहत नंदी मंडपम को फूलों तथा भित्ती चित्रों से दक्षिण भारतीय शैली में सजाने पर भी विचार किया जा रहा है। दो दिन पहले दक्षिण भारत के कारीगरों को स्पॉट निरीक्षण भी कराया गया है।
डेढ़ क्विंटल चांदी से बना नंदी मंडपम का द्वारः मंदिर समिति ने करीब तीन साल पहले नंदी मंडपम में चांदी का द्वार लगवाया है। द्वार निर्माण में करीब 150 किलो चांदी का उपयोग हुआ है। इस काम के लिए भी एक दानदाता ने चांदी भेंट की थी। अधिकारी अब इसी द्वार के आसपास की दोनों दीवारों को रजत मंडित करने की तैयारी कर रही है।नंदी मंडपम के रजत मंडित हो जाने के बाद भगवान महाकाल का आंगन और भी भव्यता व दिव्यता से दमकेगा।
वर्जन-
महाकाल मंदिर में गर्भगृह के बाद अब नंदी मंडपम को रजत मंडित करने की तैयारी है। चांदी दान करने के लिए दानदाता आगे आ रहे हैं। इससे ज्योतिर्लिंग की भव्यता और दिव्यता बढ़ेगी।
गणेश कुमार धाकड़, प्रशासक महाकाल मंदिर