
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। कानीपुरा रोड स्थित रतन एक्सटेंशन कॉलोनी में ढाबा संचालक के घर हुई चोरी का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। संचालक के पुत्र ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। स्वजन के भूखी माता मंदिर पूजा के लिए जाने के दौरान नाबालिग ने अलमारी खोलकर उसमें से जेवर चोरी कर लिए थे। गोवा घूमने जाने के लिए नाबालिग ने वारदात की थी। पुलिस ने चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस ने बताया कि रतन एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने चिमनगंज थाने पहुंचकर शिकायत की थी कि वह हाटकेश्वर कॉलोनी के पास ढाबा संचालित करता है। शुक्रवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अपनी पत्नी एवं पुत्री के साथ पूजा के लिए भूखी माता मंदिर गए थे, जबकि उनका पुत्र घर पर अकेला था। शाम करीब सात बजे वापस लौटने पर संचालक ने पाया कि घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है तथा उनका पुत्र घर पर मौजूद नहीं है।
इसके साथ ही अलमारी के लॉकर का ताला टूटा हुआ मिला था। जांच करने पर लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नकद रुपये गायब मिले थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। घटना के समय घर पर केवल फरियादी का नाबालिग बेटा ही मौजूद होने के कारण पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर उससे पूछताछ की थी। जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
नाबालिग ने बताया कि वह गोवा घूमने जाने की योजना बना रहा था। इसके लिए रुपये की आवश्यकता होने के कारण उसने अपने ही घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। आरोपित नाबालिग पहले भी अपने घर में इस प्रकार की घटना को अंजाम दे चुका था परंतु माता-पिता के कहने पर पुलिस द्वारा केवल समझाइए देकर उसे छोड़ दिया गया था।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक सोने का हार, एक जोड़ी सोने के कान के बाले, दो सोने की चेन, दो जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की बिछुड़ी, चांदी के कड़े व नकदी ढाई हजार रुपये बरामद किए हैं।