
बड़नगर-उज्जैन। बड़नगर शहर के डायवर्शन रोड पर पेट्रोल पंप के पास स्थित हनुमान मंदिर की मूर्ति के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा छेड़छाड़ के बाद मंगलवार को तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। चार दिनों में इस तरह की दूसरी घटना से हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोग आक्रोशित हो गए और सड़क पर उतर आए। चक्काजाम किया। पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान बड़नगर के बाजार बंद हो गए। कुछ स्थानों पर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ भी हुई। सूचना मिलने पर कलेक्टर आशीष सिंह और एसपी सत्येंद्र शुक्ल मौके पर पहुंचे और स्थित को नियंत्रित किया। शहर में धारा 144 लगा दी गई। एसपी शुक्ल ने बड़नगर थाना प्रभारी सतनाम सिंह को लाइन अटैच कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही मूर्ति से छेड़छाड़ करने वालों को पकड़ा जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार बड़नगर के मिर्ची बाजार स्थित हनुमान मंदिर की मूर्ति क्षतिग्रस्त दिखाई दी थी। इधर मंगलवार सुबह पेट्रोल पंप के समीप स्थित हनुमान मंदिर में सुबह दर्शनार्थी पहुंचे तो उन्हें मूर्ति जली हुई दिखी। थोड़ी ही देर में पूरे शहर में यह घटना चर्चित हो गई और हिंदूवादी संगठन के लोग विरोध करने सड़क पर उतरे। थोड़ी ही देर में बड़नगर से जुड़े प्रमुख मार्गों पर चक्काजाम हो गया। शहर के बाजार और दुकानें बंद हो गईं। लोग पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। कुछ स्थानों पर पथराव और तोड़फोड़ भी हुई। जुलूस निकाले गए। इस दौरान बसें भी बंद रहीं। लोग बस स्टैंड पर परेशान होते रहे।
एसिड डाला या आग लगाई, जांच के लिए फॉरेंसिक टीम पहुंची
तनाव की सूचना के बाद कलेक्टर-एसपी ने मौके पर पहुंचे प्रदर्शन कर रहे लोगों से चर्चा की और उन्हें शांत कराया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस की एक विशेष टीम मूर्ति से छेड़छाड़ करने वालों को ढूंढने में लग गई है। मूर्ति जली हुई दिख रही थी। आशंका व्यक्त की गई है कि मूर्ति पर एसिड डाला गया है अथवा आग लगाई गई है। जांच के लिए फॉरेंसिक दल को भी बड़नगर बुलाया गया।
धारा-144 लागू, थाना प्रभारी पर कार्रवाई
हिंदूवादी संगठन के लोगों ने पुलिस-प्रशासन पर आरोप लगाया कि जब शनिवार को इस तरह की घटना हुई तो इसकी गंभीरता से जांच नहीं की गई। अगर ऐसा होता तो घटना का दोहराव नहीं होता। एसपी सत्येंद्र शुक्ला ने टीआइ सतनाम सिंह को लाइन अटैच कर दिया। प्रशासन द्वारा शहर में धारा 144 लगा दी गई है। एहतियातन बड़ी संख्या में बल भी तैनात किया गया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।