
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। कान्ह नदी के प्रदूषित जल से शनिवार को मोक्षदायिनी शिप्रा के रामघाट पर सैकड़ों मछलियां मर गई। जल से उठती दुर्गंध के कारण कई श्रद्धालु बिना स्नान किए ही लौट गए। शिप्रा की दुर्दशा देखकर भक्तों की धार्मिक भावना आहत हो रही है।

सोमवती अमावस्या व गुड़ी पड़वा के लिए शिप्रा में नर्मदा का पानी छोड़ा जा रहा है। महापर्व पर मोक्षदायिनी स्वच्छ जल से लब्ध रहे, इसके लिए त्रिवेणी घाट के आसपास पहले से जमा कान्ह नदी के प्रदूषित जल को बहाया जा रहा है।
शनिवार को इसी प्रदूषित जल के कारण ऑक्सीजन की कमी से सैकड़ों मछलियां मर गई। जल से उठती दुर्गंध के कारण श्रद्धालु काफी परेशान हुए। अधिकारियों का कहना है कि नर्मदा का स्वच्छ जल लगातार शिप्रा में आ रहा है। इसके रामघाट पहुंचते ही गंदा पानी आगे बहता जाएगा। एक दो दिन में उत्पन्न हुई परेशानी खत्म हो जाएगी।