
Ujjain Crime News: नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। कर्नाटक पुलिस ने सोमवार को रेलवे स्टेशन पर सांसी गिरोह के आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने कर्नाटक के विद्यागिरी जिले में विवाह समारोह के दौरान आभूषण व रुपये से भरे लिफाफे चोरी करने की कई वारदातें की थी। बताया जा रहा है कि लाखों रुपये की चोरियां की गई हैं। इस पर कर्नाटक पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी। उज्जैन में भी हुई चोरियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जीआरपी टीआइ मोतीराम ने बताया कि राजगढ़ जिले के पचोर निवासी सांसी गिरोह की महिलाओं, पुरुषों व बच्चों ने कर्नाटक के विद्यागिरी जिले में आयोजित विवाह समारोह में कई चोरियों की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपितों ने शादी समारोह में आभूषण व रुपये से भरे लिफाफे चोरी कर लिए थे। बताया जा रहा है कि बीते डेढ़ साल से वारदात की जा रही थी। करीब तीन करोड़ रुपये की चोरी की जा चुकी है। इसके बाद कर्नाटक पुलिस लगातार चोरों पर नजर रख रही थी।

बताया जा रहा है कि गिरोह की आठ महिलाएं व चार पुरुष व बच्चे सोमवार सुबह शांति एक्सप्रेस से उज्जैन स्टेशन पर उतरे थे। उसी दौरान कर्नाटक पुलिस ने उन्हें उज्जैन जीआरपी की मदद से पकड़ लिया था। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। टीआइ मोतीराम के अनुसार आरोपितों से उज्जैन में भी विवाह समारोह के दौरान हुई आठ वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा ट्रेनों में होने वाली चोरियों के संबंध में भी जानकारी ली जा रही है।