
उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। राम कथा वक्ता संत मोरारी बापू ने कहा कि जीवन में वाह-वाह के साथ स्वाह की भावना भी होनी चाहिए। स्वाह यानी त्याग और समर्पण। द्वादश ज्योतिर्लिंग राम कथा यात्रा के 11वें पड़ाव महाकाल ज्योतिर्लिंग, उज्जैन में शनिवार को राम कथा करते बापू यह बात कही।
मोरारी बापू ने कहा कि ऐसे काम करने की सभी लोगों की इच्छा रहती है, जिससे उन्हें वाहवाही मिले। इसमें कोई बुराई नहीं है, लेकिन व्यक्ति में वाह की इच्छा के साथ स्वाह यानी त्याग की भावना भी होनी चाहिए। श्रीरामचरितमानस दूसरों के लिए त्याग करने की शिक्षा देता है। राम ने भरत के लिए राज छोड़ा तो भरत ने राम के लिए त्याग किया। त्याग और समर्पण की शुरुआत परिवार से होनी चाहिए। परिवार के सदस्यों में एक-दूसरे के प्रति त्याग और समर्पण की भावना होती है, वहां सदैव खुशहाली निवास करती है।
मोरारी बापू ने कहा कि ज्योतिर्लिंग और तीर्थों के साथ जुड़ी घटनाओं से शिक्षा लेनी चाहिए। वो कब घटित हुईं, इस गणित में उलझने की आवश्यकता नहीं है। बहुत कुछ ऐसा घटित हुआ है जहां तक इतिहास और पुराण अभी नहीं पहुंचे हैं। बापू ने कहा कि सनातन के इतिहास के साथ बीच-बीच में खिलवाड़ किए जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
उन्होंने सरकार से अपील की कि सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में सनातन का इतिहास पढ़ाया जाना चाहिए। उज्जैन के इतिहास में राक्षस दूषण का जीत का जिक्र करते हुए बापू ने कहा कि दूषण सिर्फ एक बार रामायण काल में ही नहीं आता। वो बार-बार आता है। दूषण यानी दूषित विचारधारा। युवा लोग मूल इतिहास पढ़ें। सनातन इतिहास के साथ बहुत खेल किया गया है। उन्होंने कहा कि जो लोग रामचरितमानस की आलोचना करते हैं, उनसे अनुरोध है कि सावन के पावन महीने में दुर्भावना के साथ ही सही एक बार रामचरितमानस जरूर पढ़ें। उनकी सारी शंकाएं मिट जाएंगी।
12 हजार किमी की 18 दिवसीय द्वादश ज्योतिर्लिंग राम कथा यात्रा अब अंतिम पड़ाव की तरफ है। रामकथा के बाद शाम को विशेष ट्रेनों से मोरारी बापू और सभी श्रोता द्वारिका के लिए रवाना हो गए। द्वारिका धाम के निकट ही नागेश्वर ज्योतिर्लिंग है। वहां छह अगस्त को रामकथा होगी। अगले दिन सोमनाथ ज्योतिर्लिंग का राम कथा सेअभिषेक किया जाएगा।