बाड़ी में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से किसान की मौत, पुलिस की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश
करकेली जनपद पंचायत के नरवार 25 गांव में सोमवार को 47 वर्षीय पुरुषोत्तम नामदेव की खेत की फेंसिंग में फैले करंट से मौत हो गई। परिजनों ने खेत मालिक पर जानलेवा करंट छोड़ने का आरोप लगाया। पुलिस के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश है।
Publish Date: Tue, 12 Aug 2025 09:02:33 AM (IST)
Updated Date: Tue, 12 Aug 2025 09:02:33 AM (IST)
उमरिया में किसान की मौत। (फाइल फोटो)HighLights
- नरवार 25 में खेत की फेंसिंग में करंट फैला।
- 47 वर्षीय पुरुषोत्तम नामदेव की मौके पर मौत हुई।
- परिजनों ने खेत मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उमरिया, नईदुनिया प्रतिनिधि। जिले के जनपद पंचायत करकेली अंतर्गत ग्राम पंचायत नरवार 25 में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना घटित हुई। 47 वर्षीय परषोत्तम नामदेव पिता हेतराम नामदेव की मौत खेत में फैले करंट की चपेट में आने से हो गई। यह करंट बड़ी की फेंसिंग में फैला हुआ था।
स्वजनों के अनुसार पुरूषोत्तम गाय रोकने के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान यादव परिवार की बाड़ी में लगी फेंसिंग में दौड़ रहे करंट ने उन्हें झटका दिया। तेज करंट से पुरूषोत्तम की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के बड़े भाई भोला प्रसाद नामदेव ने आरोप लगाते हुए कहा कि खेत मालिक ने जानलेवा करेंट बाड़ी में छोड़कर इंसानी जान से खिलवाड़ किया है। घटना की सूचना तत्काल 181 और डायल 100 पर दी गई। उसके बाद चंदिया थाना पुलिस को रवाना किया गया। देर तक पुलिस के मौके पर न पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश है।