उमरिया। आकाशीय बिजली की चपेट में आए तीन साथियों में एक साथी की मौत हो गई है। वहीं दो अन्य साथी गंभीर रुप से घायल हैं। वहीं एक अन्य मामले में जंगल में चर रहीं बकरियों पर बिजली गिरने से 30 बकरियों की मौत हो गई। चरवाहे कुछ दूर पर खड़े थे, जिसके चलते उनकी जान बच गई।
चंदनिया के तीनों साथी निजी काम से ग्राम रोझिन जा रहे थे, तभी चंदिया से रोझिन के बीच तीनों पर वज्रपात हो गया। तीनों साथी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इसमें 37 वर्षीय कामिल खान की घटना स्थल पर मौत हो गई। दो अन्य साथी अज़ीमुल्लाह खान और साकिब खान गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना के बाद दोनों घायलों को चंदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार कर 108 की मदद से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों घायलों का फिलहाल इलाज किया जा रहा है।
4 ग्रामीण बकरियों को चराने पिपरहा हार में गए हुए थे। इसी दौरान आकाश में बादल गरजने लगे और बिजली चमकने लगी। ऐसा होता हुआ देख चरवाहे अपनी बकरियों को जंगल से वापस घर की तरफ लाने के लिए जैसे कि एकत्रित किये उसी समय बिजली गिर गई और 30 बकरियों की मौत हो गई।
गनीमत रही कि सभी लोग थोड़ा पीछे रहे जिसके कारण बच गए नहीं तो आकाशीय बिजली की चपेट में चारो चरवाहे भी आ जाते। घटना के बाद डायल 100 को सूचना दी गई थी। अब सभी बकरी मालिक शासन और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं। ये सभी लोग इन्ही बकरियों से अपना जीविकोपार्जन करते थे
मरने वाली बकरियों में राम सेवक कोल की 8 बकरी, छोटे लाल कोल की 7 बकरी, बाबू कोल की 5 बकरी, लच्छू साहू की 2 बकरी, राम भजन पाल की 2 बकरी, रामजी कोल की 2 बकरी, शनि सेवक कोल की 2 बकरी और बब्बू कोल की 2 बकरी की मौत हो गई।