
जबलपुर (टीम नईदुनिया)। Madhya Pradesh News : महाकोशल-विंध्य के कई जिलों में रविवार को भी मौसम खराब रहा। उमरिया, अनूपपुर, शहडोल, सतना, सीधी और डिंडौरी में बारिश हुई और ओले गिरे। इससे फसलों और खलिहान में रखे अनाज को नुकसान पहुंचा है। वहीं उमरिया में आकाशीय बिजली गिरने से चार मजदूरों और डिंडौरी में एक किसान की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हुए हैं।
तेज हवा के कारण कई पेड़ भी धराशायी हो गए। उमरिया में आकाशीय बिजली गिरने से जिन लोगों की मौत हुई है, वे सभी मजदूर लॉकडाउन के कारण कई दिनों से बेकार थे और रविवार को ही काम पर गए थे। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने कहा कि मृतकों के स्वजनों को चार-चार लाख रुपये की मदद दी जाएगी।
वहीं डिंडौरी में खेत में काम रहे किसान की मौत हो गई। कई जिलों में किसानों ने गेहूं काटकर खलिहानों में रखा हुआ था जो कि लगभग बर्बाद हो गया है।
गेहूं की कटाई के समय पर बारिश से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। जो फसल खेत में खड़ी है वह भी पानी के कारण बर्बाद हो गई है। डिंडौरी के करंजिया में सब्जी की फसल चौपट हुई है। सीधी जिले के भुईमाड़ गांव में रविवार की सुबह तेज हवा के साथ बारिश और ओले भी गिरे। इससे सब्जी, आम सहित खलिहान में रखे गेहूं को भी नुकसान हुआ है।