
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया(Minor Girl Kidnapped in Umaria)। उमरिया जिले के चंदिया नगर से एक मासूम बच्ची के अपहरण का मामला सामने आने के बाद पूरी रात पुलिस जुटी रही लेकिन मासूम बच्ची का कहीं पता नहीं चला। शनिवार दोपहर 19 घंटे बाद बच्ची के मिलने की जानकारी मिली, एसपी उससे पूछताछ कर रहे हैं।
इसके पहले पुलिस ने रात में ही आसपास के जंगल और रास्तों में जाकर देखा लेकिन कहीं भी ऐसा कोई सुराग नहीं मिला था। लगभग डेढ़ सौ की संख्या में पुलिस बल रात भर बच्ची की तलाश में लग रहा। मासूम बच्ची के अपहरण की यह घटना चंदिया प्राइमरी स्कूल के सामने हुई शुक्रवार की शाम को हुई थी।
मासूम बच्ची के अपहरण की यह घटना उसके दादा के सामने ही हुई। इस बारे में जानकारी देते हुए उमरिया एसडीओपी डॉक्टर नागेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि चंदिया थाना क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई कि एक 9 वर्षीया बच्ची का स्कूल से निकलते ही अज्ञात बाइक सवार द्वारा अपहरण कर लिया गया।

बच्ची के दादा ने बताया है कि लगभग साढ़े चार बजे बच्ची प्राइमरी स्कूल से जैसे ही बाहर निकली एक बाइक सवार व्यक्ति ने उसे जबरन बाइक में बैठा लिया और ले जाने लगा। इस पर बच्ची चिल्लाने लगी। इस घटना को उसके दादा ने देखा और वो भी आवाज लगाने लगा। तब तक अज्ञात बाइक सवार मासूम को लेकर भाग गया। जिसके बाद कुछ लोग दौड़े भी लेकिन उसका पता नही लग पाया।
एसडीओपी ने बताया कि जैसे ही चंदिया पुलिस को सूचना मिली और हम लोगों तक सूचना पहुंची चारों तरफ अलग-अलग दल भेजकर हर संभावित जगह और रास्ते पर सर्चिग करवाई की। साथ ही जिले के सीमावर्ती थानों को भी एलर्ट कर दिया।

उन्होंने बताया कि सीमावर्ती जिलों की पुलिस भी बच्ची की तलाश कर रही थी।उमरिया पुलिस ने इस मामले में शहडोल, डिंडोरी, कटनी, सतना की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया था।