
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। जिले के चंदिया वन परिक्षेत्र में जंगल के भीतर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मामला सामने आया है। वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 28 में रेत निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जा रहे लोगों ने वन विभाग की टीम को देखकर भागने का प्रयास किया।
पकड़े जाने से बचने के लिए उन्होंने ट्रॉली में भरी रेत सड़क पर गिरा दी और वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। वनकर्मियों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है। मामले में वन विभाग ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए पीओआर दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, जंगल में अवैध रूप से रेत उत्खनन और उसके परिवहन की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। टीम को देखकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग घबरा गए और वहां से भागने लगे। इसी दौरान उन्होंने ट्रॉली में भरी रेत सड़क पर गिराना शुरू कर दिया।
देखते ही देखते पूरी रेत सड़क पर बिखेर दी गई। इसके बाद चालक और उसके साथ मौजूद लोग ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। वनकर्मियों ने घटनाक्रम को कैमरे में कैद कर लिया, जिससे अब आरोपितों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
वन विभाग के एसडीओ कुलदीप त्रिपाठी ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आया है। इसके आधार पर अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। विभाग ने अपने स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
अब यह देखना होगा कि जांच के बाद आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है। वन विभाग के सामने अवैध उत्खनन पर रोक लगाने के साथ जंगल के भीतर प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती भी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के मदनमहल की पहाड़ियों पर प्राकृतिक धरोहर बैलेंसिंग राॅक के संरक्षण की मांग हाई कोर्ट पहुंची