Shivraj Cabinet : मीना सिंह को मिला आदिवासी महिला विधायकों में वरिष्ठ होने का फायदा
Shivraj Cabinet : उमरिया जिले की मानपुर विधानसभा की विधायक हैं मीना सिंह। शिवराज कैबिनेट में किया है शामिल।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Tue, 21 Apr 2020 07:48:44 PM (IST)
Updated Date: Wed, 22 Apr 2020 05:54:38 AM (IST)

उमरिया (नईदुनिया प्रतिनिधि)।Shivraj Cabinet : उमरिया जिले के मानपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित विधायक मीना सिंह को शिवराज सिंह की सरकार में सबसे वरिष्ठ आदिवासी महिला विधायक होने के कारण मंत्री पद मिला है।
अपने छात्र जीवन से ही मीना सिंह सार्वजनिक क्षेत्र में सक्रिय रहीं। इंदौर विवि की टीम का प्रतिनिधित्व किया था वनवासी सेवा मंडल एवं हाई स्कूल मंडल कार्यकारिणी सदस्य रह चुकीं मीना सिंह 1992 में कस्तूरबा रूरल इंस्टीट्यूट कन्या महाविद्यालय इंदौर की क्रीड़ा सचिव बनीं और 1992-94 में उन्होंने एथलेटिक टीम में इंदौर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
1996 में पहली बार विधानसभा पहुंची
मई 1994 में मीना सिंह ने अपना पहला चुनाव जीता और जनपद सदस्य निर्वाचित हुईं। बाद में मीना सिंह बांधवगढ़ परियोजना सलाहकार मंडल की अध्यक्ष बनीं। अक्टूबर 1996 के उपचुनाव में नौरोजाबाद विधानसभा क्षेत्र से मीना सिंह दसवीं विधानसभा की सदस्य निर्वाचित हुईं एवं सदस्य के रूप में 26 नवंबर 1996 को शपथ ग्रहण की।
मीना सिंह पुस्तकालय समिति की सदस्य रहीं और भाजपा प्रदेश कार्य समिति, राष्ट्रीय युवा मोर्चा कार्यकारिणी एवं मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य भी रह चुकी हैं। 1997 में क्यूबा में आयोजित विश्व युवा सम्मेलन में भी उन्होंने भाग लिया।
सन् 2003 में 12वीं विधानसभा की सदस्य निर्वाचित एवं राज्य मंत्री, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नर्मदा घाटी विकास मंत्री रहीं। वर्ष 2008 में 13वीं तथा वर्ष 2013 में 14वीं विधानसभा की सदस्या निर्वाचित हुईं। वर्ष 2018 में पांचवीं बार विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुईं।