उमरिया(नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिला पंचायत आध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए सदस्यों की दौड़ लगातार जारी है। दौड़ के इसी भाग में जिला पंचायत के वार्ड नंबंर तीन से जीतने वाली अनुजा पटेल ने मंत्री मीना सिंह और विधायक शिवनारायण सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ले ली है। इतना ही नहीं जिला पंचायत के वार्ड नंबंर एक से चुनाव जीतने वाले ओमनारायण सिंह अन्नू ने भी अनुजा पटेल के साथ में ही भाजपा की सदस्यता ले ली है। इसी के साथ यह साफ हो गया है कि अनुजा पटेल अध्यक्ष पद की संभावित प्रत्याशी होंगी जबकि ओमनारायण सिंह उपाध्यक्ष पद के दावेदार होंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए यूं तो कई अन्य नामों पर भी चर्चा हो रही है लेकिन यह दो नाम अब भाजपा की तरफ से साफ नजर आने लगे हैं।
कांग्रेस की रणनीति
जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद को लेकर कांग्रेस गुपचुप रणनीति बना रही है और दावा कर रही है कि उन्ही के सदस्य को यह दोनों पद मिलेंगे। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर अब तक कांग्रेस का ही कब्जा रहा है। इतिहास पर नजर डालें तो पहली बार 1999 मे श्रीमती चंद्रप्रभा सिंह जिला पंचायत की अध्यक्ष बनी थी। जबकि 2004 मे अजय सिंह को कमान मिली। बाद के दो कार्यकाल ज्ञानवती सिंह को अध्यक्ष बनने का मौका मिला। इस बार भी कांग्रेस बेहतर स्थिति में है ऐसा पार्टी के नेताओं का कहना है।
सावित्री सिंह के नाम पर चर्चाः जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए कांग्रेस की तरफ से जो सबसे बड़ा नाम सामने आ रहा है वह सावित्री सिंह का है। सावित्री सिंह चौथी बार जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर पहुंची है। जबकि बाकी के सभी नौ सदस्य पहली बार जिला पंचायत सदस्य बनकर आए हैं। कुछ सदस्यों की पत्नियां भी चुनाव जीतकर पहुंची हैं जिनमें सावित्री चौधरी के पति मौजीलाल, बेला सिंह के पति अर्जुन सिंह सैयाम पूर्व मे दो-दो बार जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। इसी तरह मनोहर मरावी की धर्मपत्नि रामप्यारी सिंह भी वर्ष 1994-95 मे जिला पंचायत की सदस्य निर्वाचित हुई थी।
29 को होगा चुनावः जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव 29 जुलाई को कराया जाएगा। इसके लिए कार्यक्रम तय कर दिए गए हैं। त्रिस्तरीय पंचायत के उपसरपंच, जनपद अध्यक्ष उपाध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष का चुनाव अलग-अलग चरण में कराया जाएगा। पहले 3 चरणों में उप सरपंचों का चुनाव होगा। यह तीन चरण 24, 25 और 26 जुलाई को पूरे कराए जाएंगे। जबकि जनपद पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव दो चरणों में 27 और 28 जुलाई को कराया जाएगा। सबसे आखिर में 29 जुलाई को जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।
भाजपा का बताने पर जताई नाराजगीः एक तरफ तो जिला पंचायत के दो सदस्यों ने भाजपा का दामन थाम लिया है वहीं दूसरी तरफ करकेली जनपद क्षेत्र के वार्ड नंबर 23 से चुनाव जीतने वाली पूजा बैगा ने खुद को भाजपा का बताने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि बिना उनसे चर्चा किए ही उन्हें कुछ लोगों ने भाजपा का प्रत्याशी बताना शुरू कर दिया है, जबकि वे शुरू से ही कांग्रेस से जुड़ी रहीं हैं। ऐसा करने पर जिला पंचायत के सदस्य ओमकार सिंह बबलू ने भी अपनी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की अफवाह उड़ाना बंद किया जाए।