
Umaria News: उमरिया (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिला मुख्यालय में जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह के विरुद्ध आंदोलन कर रहे गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पुलिस पर हमला कर दिया। उपद्रवियों ने एक पुलिसकर्मी को दौड़ा-दौड़ाकर लाठियों से पीटा। एक इस दौरान अन्य पुलिसकर्मियों व वाहनों पर पथराव भी किया गया, जिसमें दो एडिशनल एसपी, एक एसडीओपी, दो टीआइ, चौकी प्रभारी सहित 23 पुलिसकर्मी व दो दमकल कर्मी भी घायल हो गए। चार को जबलपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
#WATCH | Madhya Pradesh | A clash broke out between workers of Gondwana Ganatantra Party and Police in Umaria earlier today while the former were staging a sit-in protest. Police used water cannon to disperse the crowd. Stone pelting also ensued. Injuries reported. pic.twitter.com/Fqa8NyHe7R
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) September 26, 2023
पानी की बौछार से बौखलाए : चंदिया चौक पर जमे कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए पुलिस को दमकल का सहारा लेना पड़ा। जब पानी की बौछार की जाने लगी तो कार्यकर्ता इधर-उधर भागने लगे और पुलिस पर हमला कर दिया। उन्होंने दमकल वाहन पर पत्थरों की बौछार कर दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है, जिसमें गोंगपा के कार्यकर्ता गालीगलौज करते हुए एक पुलिस कर्मी को पीटते दिख रहे हैं। दमकल के नीचे घायल पड़े एक घायल पुलिसकर्मी पर भी एक उपद्रवी ने लाठी चलाई।
चार को जबलपुर रेफर किया : गंभीर रूप से घायल एडिशनल एसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया व रामकृष्ण साहू, चंदिया थाना प्रभारी मंजू शर्मा व चौकी प्रभारी अमर बहादुर सिंह को सिर में गंभीर चोट लगने पर जबलपुर रेफर किया गया है। नौरोजाबाद थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी, एसडीओपी नागेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मियों का इलाज उमरिया में चल रहा है।
उमरिया में जाम खुलवाने गई पुलिस पर प्रदर्शनकारियों ने किया हमला#Umaria #MPNews #Police #Naidunia pic.twitter.com/dC5MOaD05q
— NaiDunia (@Nai_Dunia) September 26, 2023
मंत्री पर लगाए आरोप : गोंगपा के नेता कई बार मंत्री मीना सिंह के विरुद्ध आरोप लगा चुके हैं। उनका कहना है कि बस्ती विकास मद के करोड़ों रुपये मनमाने ढंग से खर्च कर दिए गए हैं। विद्युतीकरण किया जाना था, लेकिन यह कार्य भी नहीं हो पाया।
इनका कहना है
पुलिस कर्मियों पर इस तरह हमला नहीं करना चाहिए। गोंगपा लगातार मुझ पर आरोप लगा रही है। इसके पीछे की वजह चुनाव है। गोंगपा के नेताओं के पास कहने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।
मीना सिंह, जनजातीय कार्य मंत्री।
मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। शहर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है।
निवेदिता नायडू, एसपी।