
उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोखर रेंज अंतर्गत पतरेई बीट में गांव के लोगों ने एक बाघ को मार डाला। ग्रामीण पिछले दिनों से बाघ से परेशान थे। बाघ ने अनेक मवेशियों का शिकार कर दिया था। इस बात की पुष्टि करते हुए पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ नरेन्द्र कुमार ने बताया कि बाघ मरने की जानकारी मिली है लेकिन अभी बांधवगढ़ के अधिकारियों से सम्पर्क नहीं हो पा रहा है इसलिए विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ पा रही है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार से एक बाघ चंदिया क्षेत्र में सक्रिय था। इस बाघ ने रविवार की रात चंदिया तहसील के पीछे एक नीलगाय का शिकार किया था और जोगिया में दो मवेशियों को भी मारा था। इस बाघ से परेशान होकर पतरेई के लोगों ने बाघ को मार डाला।
रेंजर ने नहीं लिया गंभीरता से
इस मामले में रविवार को नईदुनिया ने चंदिया रेंजर जेपी यादव से बातचीत की थी और उन्होंने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया था। उन्होंने यह कहकर बात टाल दी थी कि वन विभाग के कर्मचारी नजर जमाए हुए हैं। वन विभाग की लापरवाही के चलते ही बाघ लोगों को तंग करता रहा और परेशान ग्रामीणों ने ही इसे घेरकर मार दिया।