
घुलघुली। जिले के करकेली जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत दुलहरी ग्राम रानीदादर में उल्टी-दस्त से दो लोगों की मौत हो गई। मंगलवार की रात हुई इस घटना की जानकारी बुधवार की सुबह लोगों ने सीएमएचओ डॉ.एमपी तिवारी को दी। इसके बाद उन्होंने डॉ.केएल बघेल को मौके पर जाने का निर्देश दिया। हालांकि पहले तो उन्होंने यही कहा कि डॉ.बघेल को इस बारे में जानकारी दे दें, लेकिन जब उन्हें बताया गया कि उनसे सम्पर्क नहीं हो पा रहा है तो उन्होंने खुद डॉ.बघेल को जानकारी दी।
इनकी मौत
मरने वालों में एक वृद्घ तथा एक बच्चा शामिल है। रानीदादर निवासी गन्नू बैगा उम्र 50 साल तथा ज्ञानी बैगा पिता मंधीर बैगा उम्र 3 वर्ष की मौत हो गई। इस गांव में उल्टी-दस्त से तीन बच्चे अभी भी प्रभावित बताए जा रहे हैं। इनमें नानबाई के दो बच्चे तथा पुरुषोत्तम का एक बच्चा शामिल है। दोनों बच्चों को उपचार की सुविधा प्रदान कर दी गई है।
नहीं पहुंची टीम
गांव के लोगों ने ब ताया कि 6 सितंबर से स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में नहीं पहुंची है। एमपीडब्ल्यू, एएनएम और आशा कार्यकर्ता के न पहुंचने के कारण यहां फैले रोग की जानकारी जिला चिकित्सालय नहीं भेजी जा सकी थी। यही कारण है कि उल्टी-दस्त के कारण दो लोगों की मौत हो गई।
ग्राम पंचायत दुलहरी के रानीदादर में उल्टी-दस्त से प्रभावित लोगों की जानकारी मिलने के बाद डॉक्टरों को वहां भेजा गया था। इस गांव में एक-दो लोग और प्रभावित हैं। भारी प्रकोप नहीं है। बीमारों को उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है।
डॉ.एमपी तिवारी