
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। शनिवार की रात में करीब 9 बजे पुराना जिला अस्पताल रोड पर होमगार्ड सैनिक सुनील कुमार को एक काले रंग का बैग मिला था। जब उन्होंने उसे खोलकर देखा तो उसमें आईफोन कंपनी का मोबाइल, 3600 रुपये नकद और कुछ दस्तावेज रखे थे। सैनिक ने यह बैग रात में ही कोतवाली में जमा करा दिया था। पुलिस ने जानकारी जुटाई तो यह बैग जिला अस्पताल में कार्यरत प्रभात शर्मा का निकला जिन्हें बैग वापस किया गया।
शनिवार की सुबह कोतवाली थाना प्रभारी मनोज दुबे के सामने होमगार्ड जवान ने बैग प्रभात शर्मा को वापस कर दिया। होमगार्ड के जवान सुनील कुमार ने बताया कि वह जिला अस्पताल रोड पर फोन पर बात कर रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क पर पड़े बैग पर पड़ी।
इसी दौरान एक राहगीर ने बैग उठाया और बाद में उसे वहीं छोड़ दिया। इसके बाद एक महिला ने उसे उठाया तभी उन्होंने महिला से बैग ले लिया और अपने अधिकारी को सूचना दी। इसके बाद उन्होंने बैग थाने मे जमा कर दिया था।
इस संबंध में प्रभात शर्मा का कहना है कि वह रात में अपनी पत्नी के साथ बाजार गए थे। वापस आने के दौरान बैग गिर गया था जो उनकी पत्नी का था। मोबाइल की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है।