
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र के ग्राम पैराखेड़ी में शुक्रवार शाम को बारातियों से भरी एक कार ट्राले से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में तीन बारातियों की मौत हो गई वहीं दो अन्य घायल हैं। बारात देवास से बीना के भीम वार्ड जा रही थी। जानकारी के अनुसार, देवास के चामुंडामाता कालोनी 19 ए निवासी संदीप सूर्य पिता मनोहर और राजा चिकवाले (मामा-बुआ के लड़के) का विवाह बीना के भीम वार्ड निवासी अशोक अहिरवार की दो बेटियों के साथ होना तय था।
अलग-अलग गाड़ियों से बारात बीना की ओर जा रही थी। तभी कुरवाई थाना क्षेत्र के ग्राम पैराखेड़ी के पास बारात में शामिल एक बलेनो कार के साथ ये हादसा हो गया। स्टेट हाइवे के यू टर्न पर करीब 70 की स्पीड में कार ट्राले से सीधी टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, कार सड़क से नीचे पलटी खाते हुए गिर गई। कार में पांच लोग सवार थे, जो दूल्हे के रिश्तेदार और उनके दोस्त थे। घायल कार के बीच ही फंस गए थे जिन्हें मशक्कत के साथ बाहर निकाला।
हादसे की खबर मिलते ही एसडीएम मनीष कुमार जैन, एसडीओपी रोशनी ठाकुर अस्पताल पहुंची जहां घायलों का उचित उपचार करवाया गया। एसडीएम मनीष जैन ने बताया कि हादसे में इंदौर अन्नपूर्णा क्षेत्र द्वारिकापुरी निवासी पीयूष आमकरे पिता रघुवीर आमकरे, इंदौर निवासी महिम दरबार (दूल्हे का दोस्त) को अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- 15 साल में 49 हजार सरकारी स्कूलों में जड़े ताले, MP में अब विलय के नाम पर फिर बंद होंगे स्कूल
वहीं गंगानगर देवास निवासी प्रतीष बेड़िया को बीना रिफायनरी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल कार चालक अशोक बेड़िया को प्राथमिक उपचार के बाद बीना रेफर किया है। कार में सवार देव आमकरे सुरक्षित है।