
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। शहर से लगे खामबाबा क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के साथ ज्यादती के मामले में फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग अब सोशल मीडिया पर भी जोर पकड़ रही है। दिल्ली की सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो जारी कर आरोपितों की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। वीडियो में उन्होंने एक जनप्रतिनिधि पर भी आरोप लगाए हैं।
मालूम हो, योगिता भयाना महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों में पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सक्रिय हैं। वह निर्भया आंदोलन से जुड़ी रही हैं और 'पीपल अगेंस्ट रेप इन इंडिया' (परी) अभियान के माध्यम से दुष्कर्म पीड़िताओं को कानूनी सहायता और न्याय दिलाने के प्रयास करती हैं।
इधर, पुलिस ने भी आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि ज्यादती के आरोपित राकेश अहिरवार और शरद गोस्वामी की गिरफ्तारी पर घोषित इनाम पांच हजार से बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दिया गया है। दोनों की तलाश में पुलिस की पांच टीमें अलग-अलग शहरों में भेजी गई हैं। इनमें कुछ टीमें प्रदेश के बाहर भी भेजी गई हैं।
यह भी पढ़ें- राजगढ़ में पुलिस पर हमला, विवाद सुलझाने गए 2 कॉन्स्टेबल से मारपीट; एक की वर्दी फाड़ी, दूसरे को पीटा
एसपी ने बताया कि स्थानीय स्तर पर साइबर सेल और पुलिस की टीम आरोपितों के परिचितों से पूछताछ कर रही हैं। उनकी संभावित लोकेशन और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।