
विदिशा। विदिशा निवासी और उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यसभा सदस्य रहे चौधरी मुनव्वर सलीम का रविवार दोपहर को निधन हो गया। करीब 66 वर्ष के सलीम लंबे समय से बीमार थे।
उनके परिचितों के मुताबिक, पिछले एक माह से दिल्ली के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। तीन दिन पहले ही वह विदिशा आए थे। रविवार को विदिशा के श्रद्धानंद पथ स्थित निज निवास पर दलिया खाते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी।
परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उनके दो बेटे और तीन बेटियों सहित भरापूरा परिवार है। सोमवार सुबह 10 बजे निज निवास से उनकी अंतिम यात्रा कवि कालीदास बांध के पास स्थित कब्रिस्तान ले जाई जाएगी।
जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। सलीम आठ भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। समाजवादी विचारधारा होने के कारण वे लंबे समय तक समाजवादी नेता रघु ठाकुर से भी जुड़े रहे। इसके बाद वे उप्र के वरिष्ठ समाजवादी नेता आजम खान के संपर्क में आए थे। आजम खान के प्रयासों से वे 2012 में उप्र से राज्यसभा सदस्य बने थे।