यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Railway News: गंजबासौदा में वंदे भारत एक्सप्रेस से टकराई गाय, 30 मिनट खड़ी रही ट्रेन
दिल्ली से भोपाल की ओर जा रही थी वंदे भारत एक्सप्रेस। गुरुवार रात करीब पौने दस बजे हादसा हुआ। गाय की टक्कर से ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 05 Jul 2024 03:25:52 PM (IST)Updated Date: Fri, 05 Jul 2024 03:36:07 PM (IST)
HighLights
- गंजबासौदा स्टेशन पर चल रहा है निर्माण कार्य।
- बाउंड्रीवाल न होने से रेलवे ट्रैक पर आ जाते पशु।
- हादसे की वजह से ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त।
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। दिल्ली से भोपाल के मध्य चलने वाली हजरत निजामुद्दीन-रानी कमलापति वंदे भारत एक्सप्रेस गुरुवार रात एक हादसे का शिकार हो गई। रात करीब पौने दस बजे जब वंदे भारत ट्रेन गंजबासौदा स्टेशन से गुजर रही थी, तभी प्लेटफार्म 3 के पास ट्रैक पर एक गाय इससे टकरा गई और इंजन में फंस गई। इस हादसे में गाय की मौके पर मौत हो गई।
स्टेशन प्रबंधक रमेश ठाकुर ने बताया कि ट्रेन के इंजन के आगे का हिस्सा गाय के फंसने से क्षतिग्रस्त हो गया था। अगले हिस्से को काटकर गाय को बाहर निकाला गया। टेक्निकल स्टाफ की मदद से इसे ठीक किया गया। जिसके चलते तकरीबन 30 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। पूरी जांच करने के बाद उसे आगे रवाना किया गया।
स्टेशन पर मौजूद लोगों ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे बाहर की बाउंड्रीवाल न होने से पशु अंदर प्रवेश कर जाते हैं। वे प्लेटफार्म पर घूमते रहते हैं और कई बार ट्रैक पर भी आ जाते हैं, जिससे इस तरह के हादसे हो जाते हैं।
बीते दिन रीवा से रानी कमलापति स्टेशन के बीच चलने वाली वंदे भारत में पथराव की घटना सामने आई थी। बीते मंगलवार की रात एक्सप्रेस में इटारसी-पवारखेड़ा स्टेशन के बीच सुनसान जंगल में देर रात पथराव हुआ था, जिसमें चार बोगियों की खिड़की के कांच टूट गए थे, हालांकि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई थी। घटना की जानकारी यात्रियों ने स्टेशन पहुंच कर रेलवे को दी थी, जिसके बाद रलवे ने घटना के जांच के आदेश दिए थे।