Rath yatra in Vidisha: भव्य रथ पर सवार होकर निकले प्रभु जगन्नाथ, उमड़े श्रद्धालु, पुरी धाम से जुड़ा से मानोरा का नाता
मानोरा में सुबह रथ यात्रा शुरू हुई जो शाम करीब 5 बजे जनकपुरी पहुंचेगी। यहां रातभर विश्राम के बाद अगले दिन रथ वापस मंदिर परिसर तक जाएगा। जब जगन्नाथ पुर ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 07 Jul 2024 12:38:04 PM (IST)Updated Date: Sun, 07 Jul 2024 12:38:04 PM (IST)
HighLights
- मानोरा में दो लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना।
- आसपास के शहरों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मानोरा पहुंचे।
- पुलिस ने सुरक्षा के किए इंतजाम। भारी वाहनों के लिए मार्ग डायवर्ट।
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। मध्य प्रदेश के जगन्नाथ पुरी के नाम से प्रसिद्ध मानोरा में रविवार को प्रभु जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जा रही है। भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलदाऊ और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकले। इस दौरान सड़कों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह रथ यात्रा शुरू हुई जो शाम करीब 5 बजे जनकपुरी पहुंचेगी। यहां रातभर विश्राम के बाद अगले दिन रथ वापस मंदिर परिसर तक जाएगा।
मानोरा का नाता ओडिशा के पुरी धाम से जुड़ा है। जब जगन्नाथ पुरी में रथ यात्रा कुछ समय के लिए रुकती है तो कहा जाता है कि भगवान अभी मानोरा गए हैं। इसलिए मानोरा को मिनी जगदीशपुरी के नाम से भी जाना जाता है।
मानोरा में रथ यात्रा और उसमें विराजे जगदीश स्वामी के दर्शन करने आज के दिन ही करीब दो लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचेगे। मानोरा में विदिशा सहित आसपास के दूसरे शहरों से हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है।
यहां होने वाले इस आयोजन को लेकर शनिवार शाम से ही पुलिस सुरक्षा व्यवस्था लगा दी गई। पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। सागर हाइवे पर रास्ता भी डायवर्ट किया गया है। धार्मिक संगठन के सदस्यों द्वारा ग्राम धतुरिया में मानोरा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए चाय नाश्ते की व्यवस्था की गई है।
विदिशा से मानोरा तक जगह-जगह लोग श्रद्धालुओं की सेवा करते नजर आ रहे हैं। यहां तीन दिन तक मेला चलेगा, जिसमें लाखों श्रद्धालु पहुंचेंगे।
भारी वाहनों के लिए मार्ग डायवर्ट
मानोरा मंदिर का रास्ता सागर नेशनल हाइवे पर ही है। इसलिए पुलिस ने भारी वाहनों का रास्ता डायवर्ट कर दिया है। भोपाल से सागर तरफ जाने वाले वाहन सलातमपुर चौराहा से रायसेन रोड होकर निकलेंगे वहीं सागर से आने वाले वाहन राहतगढ़ से रायसेन रोड होकर भोपाल तरफ जाएंगे।
विदिशा से सागर जाने के लिए वाहनों को अहमदपुर रोड से गढ़ी गैरतगंज से जाना होगा। वहीं मानोरा से ग्यारसपुर जाने के लिए पीपलखेड़ी से होकर जाना होगा।
विदिशा तरफ बिजली कंपनी कार्यालय के पास पार्किंग व्यवस्था की गई तो वहीं सागर तरफ ओलिंजा पेट्रोल पंप के पास पार्किंग बनाई गई है।