
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। जिला अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें रात के समय आवारा कुत्तों का झुंड अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के बीच घूमता नजर आ रहा है। वीडियो में कई मरीज और उनके परिजन परिसर में सोते दिखाई दे रहे हैं। इनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
अस्पताल परिसर में कुत्तों के इस तरह घूमने से मरीजों और स्वजनों में चिंता है। खासकर रात के समय यदि कोई कुत्ता किसी मरीज या बच्चे पर हमला कर दे तो बड़ी घटना हो सकती है। विडंबना यह है कि कुत्ते के काटने के बाद लोग जिस अस्पताल में रेबीज का इंजेक्शन लगवाने पहुंचते हैं, उसी परिसर में आवारा कुत्तों का झुंड घूम रहा है।
शहर के लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल में सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात हैं। इसके बावजूद कुत्तों का परिसर में प्रवेश करना रात की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। मरीजों के स्वजनों का कहना है कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि आवारा जानवर अंदर न पहुंच सकें।