
खाई में शिफ्ट होगा सब्जी बाजार,वेयरहाउस चबूतरे पर मिलेगी गणेश प्रतिमाएं
फोटो नंबर-7
विदिशा। खाई रोड़ स्थित टीनसेड के पास अधिकारियों से चर्चा करते एसडीएम।
विदिशा(नवदुनिया प्रतिनिधि)। 11 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान इस साल श्रद्वालुओं को तय स्थान पर ही गणेश प्रतिमाएं मिलेगी। इसके अलावा करपात्री चौक पर लगने वाला सब्जी और फल बाजार को खाई में शिफ्ट किया जाएगा। यदि कोई व्यापारी उल्लंघन करेगा तो एक हजार रूपये का अर्थदंड वसूला जाएगा। बुधवार को एसडीएम गोपाल वर्मा, सीएसपी विकास पांडे और नपा सीएमओ सुधीरसिंह ने बाजार का निरीक्षण किया। एसडीएम गोपाल वर्मा ने बताया कि शहर में कोरोना का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसलिए बाजार में भीड अधिक नहीं हो इसके लिए व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। इस साल गणेश प्रतिमाएं और पूजन से संबंधित अस्थाई दुकान सावरकर वाल विहार के पीछे वेयरहाउस के चबूतरा सहित रामलीला परिसर और माधव उद्यान के पास चौपाटी पर लगवाई जाएंगी। शहर में यदि कोई प्रतिमाओं की दुकान लगाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा करपात्री चौक पर खड़े होने वाले सब्जी और फल बिक्रेताओं को खाई स्थित टीनसेड में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए दो दिन तक नपा एलाउंस कराकर व्यापारियों को जानकारी देगी। मंगलवार से यदि कोई सब्जी या फल बिक्रेता सड़क पर दिखाई दिया तो एक हजार रुपये का अर्थदंड वसूला जाएगा। नपा के राजस्व अधिकारी हरीश सोनी ने बताया कि पुरानी नपा में दो पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था बनाई जाएगी। गेट पर लगे ताले को खुलवा दिया जाएगा और वहां सामने खड़े होने वाले आटो वाहन की भी संख्या तय की जाएगी। इसके अलावा तिलक चौक पर खड़े होने वाले ठेले भी हटवाए जाएंगे। इस मौके पर यातायात प्रभारी आशीष राय सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।