Vidisha News: रेलवे ट्रैक पर घायल व मृत मिली दोनों लड़कियों की हुई शिनाख्त
आत्महत्या के इरादे से रेलवे ट्रैक पर कूदी थी दोनों। मृतका बरखेड़ा गांव की रहने वाली थी। दूसरी लड़की डिंडोली गांव निवासी।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Thu, 02 May 2024 03:13:51 PM (IST)
Updated Date: Thu, 02 May 2024 03:13:51 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र नवदुनिया न्यूज, गंजबासौदा। बैतोली ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पर मंगलवार को दो लड़कियों द्वारा ट्रैन के आगे कूंदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। जिसमें एक लड़की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी को गंभीर रूप से घायल अवस्था में प्राथमिक उपचार पश्चात रेफर कर दिया गया था। बुधवार को इन दोनो लड़कियों की पहचान हो गई है। मृतका की शिनाख्त पठारी थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम बरखेड़ा निवासी स्व. दौलत कुशवाह की पुत्री रुक्मणी के रूप में हुई। जबकि दूसरी लड़की की शिनाख्त ग्राम डिंडौली निवासी रामस्वरूप कुशवाह की पुत्री संजना के रूप में की गई।
जांच कर रहे पुलिस अधिकार शिवप्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि मृतका रुक्मणी शादी समारोह में शामिल होने के लिए डिंडौली आई हुई थी और वह अपनी मामा की लड़की संजना के साथ मोटरसाइकिल से बासौदा खरीदारी करने के लिए पहुंची थी। मंगलवार की दोपहर दोनों लड़कियां मोटरसाइकिल से लाल पठार क्षेत्र में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर भी गईं थीं। जहां पर उन्होंने मोटरसाइकिल को रखा और दोनों बाजार जाने का कहकर निकल गईं। लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं लौटी। वहीं परिजनों ने भी उन्हे खोजने का प्रयास किया। इस दौरान किसी ने परिजनों को सूचना दी कि दो लड़कियां ट्रेन के आगे कूदी हैं।
परिजनों ने मृतका के कपड़े और क्षतविक्षत शव को देकर उसकी पहचान की। एएसआइ विश्वकर्मा ने बताया कि दूसरी घायल लड़की का उपचार भोपाल में जारी है, लेकिन जब तक वह होश में नहीं आती, घटना की सही जानकारी नहीं मिल सकती। घायल संजना के बयान होने के बाद ही पता चल सकेगा कि आखिर उन्होंने आत्मघाती कदम क्यों उठाया।