Vidisha News: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत, एक बेटा गंभीर
बाइक सवार पिता-पुत्र दिघोरा गांव में रहने वाले रिश्तेदार के यहां से विदिशा अपने घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में मणिपुर गांव के नजदीक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पिता और छोटे पुत्र की मौके पर मौत हो गई। गंभीर घायल बड़े बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Publish Date: Sun, 28 Jul 2024 02:26:42 PM (IST)
Updated Date: Sun, 28 Jul 2024 02:26:42 PM (IST)
सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत।HighLights
- मणिपुर गांव के निकट हाईवे पर हुआ हादसा।
- रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे बाइक सवार।
- पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी।
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। जिले के ग्यारसपुर थाना क्षेत्र में स्थित ग्राम मणिपुर के निकट नेशनल हाईवे 146 पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार पिता और उसके छोटे पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक बड़ा बेटा गंभीर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए विदिशा जिला चिकित्सालय में रेफर किया गया है। पुलिस ने मर्ग कायमी के बाद छानबीन शुरू कर दी है।
घर लौटते वक्त हुआ हादसा
मृतक के रिश्तेदार दिघोरा सरपंच महाराज सिंह अहिरवार ने बताया कि विजय अहिरवार (35 वर्ष) अपने दोनों बच्चों के साथ दोपहिया वाहन से गांव दिघोरा से विदिशा अपने घर जा रहे थे। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से विजय और उनके पुत्र 6 वर्षीय जितेंद्र की मौत हो गई। मृतक विजय का बड़ा बेटा भूपेंद्र अहिरवार उम्र 9 वर्ष को गंभीर चोट आई है। उसका जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।
हंड्रेड डायल ग्यारसपुर के आरक्षक संतोष मिश्रा और पायलट सोनू यादव के द्वारा पिता-पुत्र को ग्यारसपुर के समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव स्वजन के सुपुर्द कर दिए गए हैं। पुलिस टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।