Vidisha News: बारात में हुआ बवाल... दोनों पक्षों में जमकर चले लात-घूंसे, दुल्हन पहुंची थाने
विदिशा जिले के धोखेड़ा पिपरिया गांव में बारात के दौरान रास्ते को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। दुल्हन ने थाने पहुंचकर गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस हस्तक्षेप के बाद देर रात वरमाला संपन्न हुई। मामला दर्ज कर जांच जारी है।
Publish Date: Thu, 17 Apr 2025 09:41:40 PM (IST)
Updated Date: Thu, 17 Apr 2025 09:41:40 PM (IST)
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कराया मामला। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- रास्ते के विवाद में बारात में हुई मारपीट।
- दोनों पक्षों के छह लोग घायल, एक गंभीर।
- दुल्हन थाने पहुंची, गिरफ्तारी की मांग की।
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। विदिशा जिले के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के धोखेड़ा पिपरिया गांव में बुधवार रात एक बारात के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मालवीय परिवार की बारात में रास्ते को लेकर शुरू हुआ झगड़ा लाठी-डंडों की मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए।
हंगामे के बीच दुल्हन अपनी बहन और बुआ के साथ हैदरगढ़ थाने पहुंची और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस की मध्यस्थता के बाद रात ढाई बजे वरमाला संपन्न हो सकी।
विवाद की शुरुआत
- पुलिस के अनुसार धोखेड़ा पिपरिया निवासी खिलान सिंह मालवीय की बेटी की शादी के लिए बुधवार रात बारात आई थी। रात करीब 12 बजे बारात जनवासे से विवाह स्थल की ओर बढ़ रही थी। उसी समय गांव के विनिल कुशवाह अपनी कार से वहां से निकलना चाह रहे थे।
बारातियों ने रास्ता नहीं दिया, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि कुछ बारातियों ने विनिल के साथ मारपीट कर दी। विवाह स्थल पर आकर किया हंगामा
मारपीट के बाद विनिल अपने घर गया और कुछ ही देर में परिवार के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर विवाह स्थल पर पहुंच गया। विनिल और उसके परिजनों ने बारातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जवाब में वधू पक्ष के लोगों ने भी विनिल व उसके परिवार की पिटाई कर दी। इस हंगामे में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हुए, जिनमें विनिल को गंभीर चोटें आई है।
दुल्हन ने की मामला दर्ज करने की मांग
- हंगामे की खबर मिलते ही हैदरगढ़, त्योंदा और ग्यारसपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच दुल्हन अपनी बहन और बुआ के साथ थाने पहुंच गई। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उसने साफ कहा कि जब तक मामला दर्ज नहीं होगा, वह फेरे नहीं लेगी।
रात ढाई बजे गंजबासौदा एसडीओपी मनोज मिश्रा थाने पहुंचे। उन्होंने दुल्हन को समझाया। अपने वाहन से उसे गांव वापस लाए। उसके बाद दूल्हा-दुल्हन की वरमाला पूरी कराई गई। पुलिस ने दोनों पक्षों पर की कार्रवाई
एसडीओपी मिश्रा ने बताया कि मारपीट में छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मालवीय परिवार का दावा है कि विनिल शराब के नशे में था और बारात में जबरन डांस कर रहा था, जिसे रोकने पर उसने मारपीट शुरू की। मामले की जांच जारी है।