
आज भी युवाओं में आईएएस का जबरदस्त क्रेज है। अगले कुछ ही दिनों में 2016 की सिविल सेवा परीक्षा का काउंट डाउन शुरू हो जाएगा। इस परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं से गहन ज्ञान और सुस्पष्ट दृष्टि की अपेक्षा की जाती है। यह ज्ञान और दृष्टि उन लोगों के भी काम आती है, जो अंतत: आईएएस में नहीं जाते। आत्मविश्वास के साथ कैसे बढ़ें मुकम्मल तैयारी की राह पर, बता रहे हैं राउज आईएएस स्टडी सर्कल के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर वी पी गुप्ता।
सिविल सर्विसेज एग्जाम की तैयारी में ऑल इंडिया अप्रोच दिखता है। पहली बार आप भारत को एक यूनिट के रूप में देखते हैं। इससे पहले आपको दस-पंद्रह किलोमीटर के अपने शहर के दायरे में ही दुनिया दिखाई देती होगी लेकिन जब आप आईएएस की तैयारी गंभीरता के साथ करते हैं, तो पूरे भारत की विविधताएं दिखाई देती हैं। हर राज्य की अपनी संस्कृति, अपनी स्टाइल दिखती है। इसके अलावा आप विश्व के नक्शे पर भारत की स्थिति के बारे में जानते-समझते हैं। यह जानते हैं कि दुनिया के देशों के साथ भारत के संबंध कैसे हैं। अखबार पढ़ते समय विभिन्न घटनाओं के समाज व देश से संबंध तथा भविष्य से उन्हें को-रिलेट करना समझते हैं। जीवन की एक समग्र दृष्टि मिल जाती है।
एक साल की तैयारी में ही आपको इस क्षेत्र के बारे में काफी जानकारी हो जाती है। जो इस परीक्षा में चुन लिए जाते हैं, वे तो अंतत: भारत सरकार में सचिव पद तक पहुंचते ही हैं, जो इसमें सिलेक्ट नहीं होते, वे भी दूसरे क्षेत्रों में प्रतिष्ठित तरीके से आगे बढ़ते और अपनी पहचान बनाते हैं। सच तो यह है कि आईएएस परीक्षा की तैयारी से आपमें एक 'ऑल इंडिया आउटलुक" विकसित होता है। आप थोड़ी-थोड़ी हर चीज के बारे में जानकारी हासिल करते हैं। इन सबके बीच अलग-अलग स्थितियों से रिलेट करना होता है। सच तो यह है कि इस तरह की पढ़ाई हर किसी को करनी चाहिए। जरूरी नहीं कि वह आईएएस की परीक्षा दे ही।
तैयारी का सही समय
अगर आप यह परीक्षा देने का इरादा रखते हैं, तो 11वीं से आपको इसकी तैयारी और वॉर्म-अप रीडिंग आरंभ कर देनी चाहिए। इसके बाद 3 साल तक आप ग्रेजुएशन करते हैं, उस दौरान साथ-साथ सिविल सर्विसेज एग्जाम की तैयारी भी करते रहें। कॉलेज-यूनिवर्सिटी एग्जाम की तैयारी करते हुए पढ़ाई कई बार एकरस हो जाती है। सिविल सर्विसेज एग्जाम की तैयारी से यह एकरसता खत्म हो सकती है।
कला है अखबार को पढ़ना
अखबार पढ़ना भी एक खास कौशल है, खासकर सिविल सेवा की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए। जो खबरें लिखी जाती हैं, उनका कुछ अलग प्रोटोकॉल होता है। यह जरूरी नहीं कि वे खबरें आपको शिक्षित कर रही हों। हर व्यक्ति अखबार इसलिए देखता है कि क्या उसके लिए कोई अच्छी या बुरी बात कल रात तक हुई? डे-टु-डे सुविधा के लिए भी समाचार लिखे जाते हैं। ऐसे समाचारों की शेल्फ-लाइफ कुछ घंटे की होती है। जबकि विद्यार्थी की जरूरत अलग होती है। उसे किसी घटना की पृष्ठभूमि के बारे में भी पता होना चाहिए। 15-20 साल के परिप्रेक्ष्य में घटनाओं को देखना होता है। उसके लिए जरूरी है कि किसी समाचार को इस तरह पढ़ा जाए ताकि पता चले कि उससे भविष्य में लोगों का कितना भला या बुरा हो सकता है। खबरें भविष्य के लिए भी इशारा करती हैं। उन्हें इस नजरिए से पढ़ना एक कला है। अगर आप ठीक से अखबार पढ़ना सीख लें, तो आप आईएएस परीक्षा की 50 प्रतिशत तैयारी कर लेंगे।
आईएएस के लिए रुझान
बच्चे के रुझान के बारे में माता-पिता को जानना चाहिए। यह जरूरी है कि जिधर बच्चे का रुझान है, वे उसी तरफ आगे बढ़ने के लिए उसे प्रेरित करें। यह ध्यान रखना जरूरी है कि कुछ अलग करते हुए भी आईएएस की पढ़ाई की जा सकती है। अगर इंजीनियर बनना चाहते हैं, तो जरूर बनें मगर जीवन में प्रशासनिक व्यवस्था के बारे में जानना जरूरी है। आप किसी भी दूसरी पढ़ाई के साथ सिविल सर्विस के बारे में सोच सकते हैं। सिविल सर्विसेज से हर किसी का सरोकार होता है।
खुद का करें आंकलन
सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने का मन है, तो पहले एक साल तक तैयारी करें। फिर अपने को आंकें। पहला प्रयास एक साल की फोकस्ड और गंभीर तैयारी करके ही दें। इस तरह संभव है कि पहले ही प्रयास में आपका सिलेक्शन हो जाए। इससे पहले परोक्ष तैयारी तो ग्रेजुएशन के दौरान ही शुरू हो जानी चाहिए।
इसरो में इंजीनियर्स की वैकेंसीज, सैलेरी 39000 रुपए
स्कोरिंग सब्जेक्ट
फिलहाल इस साल की मुख्य परीक्षा में एक वैकल्पिक सब्जेक्ट बना रहेगा। इस समय ज्योग्राफी, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, पोलिटिकल साइंस अपेक्षाकृत अधिक स्कोरिंग सब्जेक्ट माने जा रहे हैं। इनमें भी ज्योग्राफी और पोलिटिकल साइंस अधिक स्कोरिंग हो सकते हैं।
ईमानदारी से करें प्रयास
डरें नहीं और ईमरनदारी से काम करें। जीवन को सकारात्मक तरीके से लें। इच्छाओं के विपरीत कुछ करना या चुनना पड़े, तो उसमें भी रुचि लें और अपने श्रेष्ठ करने की कोशिश करें
- अरुण श्रीवास्तव