
फार्मा कंपनियों में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। इसलिए समय-समय पर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव को हायर किया जाता है। फार्मास्युटिकल तेजी से ग्रोथ करने वाली इंडस्ट्रीज में से एक है। शानदार ग्रोथ की वजह से इसमें नौकरियां भी तेजी से बढ़ी हैं। भारत का फार्मा सेक्टर 13-14 फीसदी सालाना की दर से ग्रो कर रहा है। अगर आपकी भी दिलचस्पी मेडिसिन वर्ल्ड में है, तो बतौर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव करियर बना सकते है।
ये है काम
एमआर किसी भी फार्मास्युटिकल कंपनी और हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स के बीच की कड़ी होते हैं। वे प्रोडक्ट्स का बाजार में प्रचार-प्रसार करते हैं। एमआर को इसलिए हायर किया जाता है ताकि वे ग्राहकों और डॉक्टर्स को अपने प्रोडक्ट की खासियत बता सके और उसका प्रचार कर सके। उन्हें दवा कंपनियां हायर करने के बाद विशेष ट्रेनिंग भी देती है। उन्हें एनॉटॉमी, फिजियोलॉजी, फार्माकोलॉजी, सेल्समैनशिप की ट्रेनिंग दी जाती है। इसके अतिरिक्त डॉक्टर्स की प्रोफाइल बताने के साथ प्रोडक्ट का पूरा नॉलेज दिया जाता है। फील्ड ट्रेनिंग के दौरान फ्रेश ग्रेजुएट्स को किसी सीनियर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के अधीन काम करना होता है।
ये स्किल्स जरूरी
मेडिकल के क्षेत्र की अच्छी-खासी जानकारी होना जरूरी है। आपकी कम्युनिकेशन स्किल अच्छी हो और साथ ही अंग्रेजी का ज्ञान होना चाहिए। इसके अलावा आपके लिए खुद की फिटनेस को बरकरार रखना जरूरी है।
शैक्षणिक योग्यता
फार्मास्युटिकल एंड हेल्थकेयर मार्केटिंग में पीजी डिप्लोमा, फार्मा मार्केटिंग में डिप्लोमा, फार्मा बिजनेस मैनेजमेंट में बीबीए या एमबीए या पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा कोर्स करने के बाद आप इसमें आगे बढ़ सकते हैं। मार्केटिंग की स्किल रखने वाले साइंस ग्रेजुएट्स भी एमआर बन सकते हैं। डिप्लोमा कोर्स करने के लिए आपको साइंस के साथ 12वीं पास होना जरूरी है।
आईएएस, पीएससी के लिए इन 5 तरीकों से करें 'जीएस' की तैयारी
ये है स्कोप
आप एरिया मैनेजर, रीजनल या जोनल मैनेजर, डिवीजनल सेल्स मैनेजर, डिवीजनल कंट्रोलर, डिप्टी मार्केटिंग के अलावा मार्केटिंग मैनेजर के रूप में प्रोग्रेस कर सकते हैं। मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के अलावा, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, प्रोडक्ट एग्जीक्यूटिव, बिजनेस एग्जीक्यूटिव के रोल में काम करने का पूरा अवसर है। एमबीए या फार्मेसी की डिग्री रखने वाले एरिया मैनेजर, सर्किल मैनेजर, प्रोडक्ट मैनेजर, ग्रुप प्रोडक्ट मैनेजर, क्वालिटी कंट्रोल मैनेजर, ब्रांड मैनेजर या मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में रैनबैक्सी, ग्लैक्सो, सन फार्मा, फाइजर, सिप्ला, निकोलस पिरामल जैसी कंपनियों के साथ जुड़ सकते हैं। इन कंपनियों में एक-दो साल का एक्सपीरियंस रखने वाले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स को इंटरव्यू के आधार पर नियुक्त किया जाता है।