एग्रीकल्चर एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें बेहतरीन करियर का स्कोप तो है ही, देश की अर्थव्यवस्था को गति देने का शानदार मौका भी है। यही नहीं, विस्तृत होने के कारण इससे जुड़ी कई सब-फील्ड्स हैं, जिनमें करियर की असीम संभावनाएं मौजूद हैं। ऐसी ही एक सब-फील्ड है, सेरिकल्चर। दुनिया भर में भारत के सिल्क की बढ़ती मांग के कारण सेरिकल्चरिस्ट के लिए बहुत-से करियर ऑप्शंस उपलब्ध हैं।
क्या है सेरिकल्चर?
सेरिकल्चर फार्मिंग पर आधारित और व्यवसायिक रूप से बेहद आकर्षक गतिविधि है। मूलत: कीटों से रेशम बनाने की प्रक्रिया को सेरिकल्चर कहते हैं, लेकिन अब यह उद्योग सिर्फ कीटों तक सीमित नहीं है बल्कि मल्बरी कल्टिवेशन और पोस्ट कोकून टेक्नोलॉजी जैसी नई प्रक्रियाओं से जुड़ चुकी है। आज के समय में यह एग्रो-बेस्ड इंडस्ट्री, ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही है।
कौन-से कोर्स?
इस फील्ड में करियर बनाने के लिए आप सेरिकल्चर या सिल्क टेक्नोलॉजी में बीएससी या डिप्लोमा इन सेरिकल्चर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट कर सकते हैं। हालांकि इसके लिए इंटर में आपके पास बायोलॉजी और केमिस्ट्री जैसे विषय होने जरूरी हैं। आम डिग्री कोर्स से अलग सेरिकल्चर या सिल्क टेक्नोलॉजी में चार साल का डिग्री कोर्स होता है, जबकि पोस्ट ग्रेजुएशन दो साल का होता है। आप चाहें, तो इस फील्ड में स्पेशलाइजेशन और फिर पीएचडी भी कर सकते हैं। ग्रेजुएशन में स्टूडेंट्स को सिल्कवर्म रियरिंग, ब्रीडिंग एंड जेनेटिक्स, सिल्क रीलिंग एंड स्पिनिंग, सिल्क ग्रेडिंग एंड टेस्टिंग, मॉरीकल्चर, फूड प्लांट्स, सिल्क वीविंग टेक्नोलॉजी, सिल्क डाइंग, प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी जैसे विषय पढ़ाए जाते हैं।
जरूरी स्किल्स
इस फील्ड में करियर बनाने के लिए शारीरिक दमखम की बहुत जरूरत होती है। इसके अलावा आपमें धैर्य, समर्पण तथा अलग-अलग व खराब मौसम में भी काम करने की क्षमता होनी चाहिए। साथ ही, साइंस प्रैक्टिकल व साइंटिफिक गतिविधियों में रुचि होना चाहिए। भविष्य की संभावनाएं बतौर सेरिकल्चरिस्ट, आपके पास नौकरी व एंटरप्रेन्योरशिप के कई विकल्प मौजूद हैं। खास बात यह है कि देश के हर राज्य में सेरिकल्चर विभाग मौजूद है, जो इसके उत्पादन व मार्केटिंग की देख-रेख का काम करते हैं। आप सरकारी क्षेत्र में केंद्र सरकार की एजेंसियों जैसे सेंट्रल सिल्क बोर्ड, सिल्क एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल, एफएओ, नाबार्ड, कृषि विज्ञान केंद्र आदि में काम कर सकते हैं।
इसके अलावा रिसर्च सेंटर्स, सेरिकल्चर यूनिट्स, एग्रीकल्चर सेक्टर से जुड़े बैंक्स में भी अपना करियर प्लान कर सकते हैं। अगर आप इंडस्ट्री से जुड़कर काम करना चाहते हैं, तो सेरिकल्चर फार्म में बतौर मैनेजर, या फिर सिल्क रीलिंग, सिल्क वीविंग मिल, डाइंग, प्रिंटिंग अथवा स्पिनिंग मिल में काम कर सकते हैं। केंद्र सरकार कई स्कीम्स स्पॉन्सर करती है, जहां आपको करियर के बेहतरीन अवसर मिल सकते हैं। आप खुद का वीविंग तथा एक्सपोर्ट का बिजनेस कर सकते हैं।
कितनी आय?
जो प्रोफेशनल्स अच्छी ट्रेनिंग के साथ पब्लिक सेक्टर में अपना करियर शुरू करते हैं, उनकी शुरूआती सैलरी 15 से 20 हजार रुपए प्रति माह होती है, जबकि प्राइवेट सेक्टर में आप 20 से 25 हजार रुपए प्रति माह की सैलरी से शुरूआत कर सकते हैं। सैलरी अनुभव के साथ बढ़ती है। हालांकि इस पर भी काफी कुछ निर्भर करता है कि आप कहां काम कर रहे हैं। बतौर एंटरप्रेन्योर आप बेहतरीन कमाई कर सकते हैं।
प्रमुख संस्थान
- सेंट्रल सेरिकल्चरल रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, मैसूर
- शेरे-कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी, जम्मू
- तमिल नाडु एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी, कोयंबत्तूर
- यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसे, बेंगलुरू
- बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर यूनिवर्सिटी, लखनऊ
- दिल्ली यूनिवर्सिटी, दिल्ली
- शिवाजी यूनिवर्सिटी, कोल्हापुर